☰
×

Anushka Shetty: 'बाहुबली' की देवसेना ने बेचा 12 करोड़ का आलीशान घर, क्या हैदराबाद छोड़ने की तैयारी में हैं एक्ट्रेस?

 

प्रभास की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बाहुबली' में देवसेना का किरदार निभाकर देशभर में लोकप्रिय हुईं साउथ एक्ट्रेस अनुष्का शेट्टी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनकी किसी नई फिल्म को लेकर नहीं, बल्कि उनकी करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी को लेकर हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्ट्रेस ने हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स में स्थित अपना आलीशान घर बेच दिया है। इस प्रॉपर्टी की अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

अनुष्का के इस फैसले के बाद फैंस के बीच सवाल उठ रहे हैं कि उन्होंने अपना घर क्यों बेचा? क्या वह हैदराबाद में किसी दूसरी जगह शिफ्ट होने वाली हैं या फिर शहर छोड़ने की तैयारी कर रही हैं? फिलहाल इन सवालों का जवाब सामने नहीं आया है।

जुबली हिल्स का घर बेचने की खबर

'ग्रेट आंध्रा' की रिपोर्ट के अनुसार, अनुष्का शेट्टी ने हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके में मौजूद अपनी प्रॉपर्टी बेच दी है। बताया जाता है कि यह घर कई साल पहले उनके नाम पर रजिस्टर हुआ था।

हालांकि, अनुष्का ने अभी तक इस खबर की पुष्टि नहीं की है। न ही उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। ऐसे में घर बेचने के पीछे की वजह और उनके आगे के रहने के प्लान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि एक्ट्रेस का हैदराबाद के बाहरी इलाके में एक फार्महाउस भी है। हालांकि, जुबली हिल्स वाला घर बेचने और फार्महाउस के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

सादगी और खूबसूरती का मेल था अनुष्का का घर

'मैजिकब्रिक्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, अनुष्का शेट्टी का यह घर भव्य होने के साथ-साथ काफी सादगी से सजाया गया था। एक्ट्रेस को ज्यादा चमक-दमक के बजाय हल्की और आरामदायक सजावट पसंद बताई जाती है।

घर के इंटीरियर में क्रीम और ऑफ-व्हाइट जैसे हल्के रंगों का इस्तेमाल किया गया था। आरामदायक फर्नीचर और बड़ी कांच की खिड़कियां इसकी खूबसूरती बढ़ाती थीं। घर के बाहर हरियाली से भरा एक बगीचा भी था। बताया जाता है कि अनुष्का यहां समय बिताना और योग करना पसंद करती थीं।

12 करोड़ रुपये आंकी गई प्रॉपर्टी की कीमत

'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, जुबली हिल्स स्थित इस घर की अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये है। हैदराबाद का जुबली हिल्स इलाका शहर के सबसे महंगे और पॉश क्षेत्रों में गिना जाता है। यहां फिल्म इंडस्ट्री और कारोबार जगत से जुड़ी कई बड़ी हस्तियों की प्रॉपर्टी मौजूद हैं।

'कथानर' से मलयालम सिनेमा में करेंगी डेब्यू

फिल्मों की बात करें तो अनुष्का शेट्टी इन दिनों चुनिंदा प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं। साल 2025 में उनकी फिल्म 'घाटी' रिलीज हुई थी। अब वह फैंटेसी थ्रिलर फिल्म 'कथानर: द वाइल्ड सॉर्सेरर' के जरिए मलयालम सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं।

इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता जयसूर्या नजर आएंगे। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। इसके अलावा यूवी क्रिएशंस के साथ भी उनके एक नए प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा है, लेकिन इस पर भी अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।