×

'हर सीन में झलकता है अटूट विश्वास', अनुभव सिन्हा को पसंद आई इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा'

 

मुंबई, 11 जून (आईएएनएस)। निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' अपनी अनोखी कहानी को लेकर चर्चा में है। इसी बीच फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इम्तियाज अली और उनकी फिल्म की खुलकर सराहना की। साथ ही आज के दौर के सिनेमा और फिल्म निर्माण पर भी अपनी राय रखी।

अनुभव सिन्हा ने इंस्टाग्राम पर फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' का एक पोस्टर साझा किया और लिखा, ''आज के समय में कई कारणों से फिल्म निर्देशकों से उनकी कला की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता छीनती जा रही है। ऐसे दौर में इम्तियाज अली की यह फिल्म उन्हीं विशेषताओं से भरपूर है। इस फिल्म का सबसे बड़ा आधार विश्वास है, जो हर सीन में झलकता है। एक कलाकार का अपने काम और अपनी कहानी पर विश्वास ही उसकी असली पहचान होता है।''

उन्होंने आगे लिखा, ''यह फिल्म उन धारणाओं को तोड़ती है जो अक्सर यह तय करने की कोशिश करती हैं कि दर्शक क्या देखना चाहते हैं और उन्हें क्या पसंद आएगा। कई बार व्यापारिक सोच के कारण फिल्मों को एक तय ढांचे में ढालने की कोशिश की जाती है, लेकिन 'मैं वापस आऊंगा' उन सीमाओं को तोड़ते हुए अपनी आत्मा और संवेदनाओं के साथ खड़ी नजर आती है। यह फिल्म किसी भेड़-चाल को फॉलो नहीं करती, बल्कि अपनी सच्चाई और भावनाओं के सहारे आगे बढ़ती है।''

अनुभव ने आगे कहा, ''फिल्म में एक कहानीकार का अपने देश के प्रति प्रेम दिखाई देता है। यह सिर्फ एक कहानी नहीं है, बल्कि अपने लोगों, अपनी मिट्टी और अपने इतिहास के साथ जुड़े भावनात्मक रिश्ते की अभिव्यक्ति है, जिससे यह फिल्म दर्शकों को भीतर तक प्रभावित करेगी।''

अपने पोस्ट के आखिर में अनुभव सिन्हा ने दर्शकों से भी अपील की। उन्होंने कहा, ''प्रिय दर्शकों, यह वही फिल्म है जिसका आप लंबे समय से अपने परिवार के साथ सिनेमाघर में बैठकर आनंद लेने का इंतजार कर रहे थे। जिंदाबाद दोस्त।''

गौरतलब है कि 'मैं वापस आऊंगा' में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

--आईएएनएस

पीके/एएस