अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर अभिजीत घोषाल का नया गाना 'वो है मां' जारी, कहा- 'दिल को छू जाएगा गीत'
नई दिल्ली, 5 मार्च (आईएएनएस)। अपने इमोशन्स को जाहिर करने का सबसे शानदार तरीका म्यूजिक है। इस कड़ी में, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं के प्रति सम्मान जताते हुए 'सा रे गा मा पा' फेम सिंगर अभिजीत घोषाल ने नया गाना 'वो है मां' रिलीज किया। ये गाना महिलाओं के तमाम रूपों में से 'मां' रूप को समर्पित है, जो प्यार, देखभाल और ताकत से बच्चों की जिंदगी को आसान बनाती हैं।
दरअसल, हर इंसान के जीवन में मां की जगह बेहद खास होती है। इसी भावना को अपने नए गाने के जरिए अभिजीत घोषाल ने सरल शब्दों में जाहिर करने की कोशिश की है। उनका मानना है कि मां केवल वह नहीं होती, जिसने हमें जन्म दिया है, बल्कि हर वह महिला मां जैसी होती है जो हमें संभालती है, हमें सही रास्ता दिखाती है, और मुश्किल समय में हमारा साथ देती है।
अभिजीत घोषाल ने कहा, "यह गाना मेरे दिल के बहुत करीब है। मैं लंबे समय से ऐसा गाना लिखना चाहता था जो लोगों के दिल को सीधे छू जाए। इस बार मेरी कोशिश थी कि गाना इतना आसान हो कि कोई भी व्यक्ति इसे सुनकर तुरंत जुड़ाव महसूस कर सके। गाना ऐसा होना चाहिए था जैसे कोई अपने सबसे करीबी इंसान से दिल की बात कर रहा हो।"
उन्होंने कहा, ''इस गाने की प्रेरणा मेरे अपने जीवन से आई है, खास तौर पर मेरी मां झरना से, जो हमेशा प्यार, समर्थन और प्रेरणा देती है। मां ने मुझे हमेशा जीवन में आगे बढ़ने की ताकत दी और हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया। यही वजह है कि यह गाना मैंने अपनी मां के साथ-साथ उन सभी महिलाओं को समर्पित किया है जो किसी न किसी रूप में दूसरों के जीवन को बेहतर बनाती हैं।''
अभिजीत ने कहा, ''गाना 'वो है मां' केवल शब्दों के स्तर पर ही नहीं, बल्कि संगीत के स्तर पर भी खास बनाने की कोशिश की गई है। इसमें आधुनिक और पारंपरिक दोनों तरह के वाद्यों का इस्तेमाल किया गया है, ताकि हर उम्र के श्रोता इससे जुड़ सकें। गानों में ड्रम्स, गिटार, बास, काजोन, परकशन और तबला जैसे वाद्य सुनाई देंगे। इन सभी वाद्यों का मेल गीत को एक अलग ही मिठास देता है। संगीत ऐसा रखा गया है कि वह शांत भी लगे और दिल में गहराई से उतर भी जाए।''
--आईएएनएस
पीके/डीकेपी