अंजली-पवन विवाद में तीन लोगों को समन, महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने न्याय का दिया भरोसा
फरीदाबाद, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। हरियाणा की अभिनेत्री अंजली राघव और पवन सिंह के बीच का विवाद खत्म हो गया है।
अभिनेत्री ने गुरुवार को हरियाणा राज्य महिला आयोग के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखा और पवन सिंह को उनकी गलती के लिए माफ कर दिया है। इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने कहा कि भले ही पवन सिंह को माफ कर दिया है, लेकिन मामले में तीन लोगों का नाम सामने आया है।
रेणु भाटिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पवन सिंह और अंजलि राघव के बीच का विवाद उलझ गया है। पवन सिंह माफी मांग चुके हैं और अंजलि ने भी माफ कर दिया है, लेकिन अंजलि का अभी भी कहना है कि सिंगर की पीआर टीम से कुछ लोग उन्हें आज की तंग कर रहे हैं और उन्हें बदनाम करने की धमकी दे रहे हैं। हमने तीनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए समन भेज दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ अंजलि राघव को ही न्याय दिलाना नहीं है, बल्कि हर महिला और लड़की को न्याय दिलाना है, जो भले ही काम कर रही है या फिर घर संभाल रही है।
वहीं, बादशाह को समन भेजने और न पेश होने के सवाल पर रेणु भाटिया ने कहा, "भले ही बादशाह समन पर पेश नहीं हुए, लेकिन उन्होंने इस मामले में जमानत ली है, और हम तब तक कार्रवाई बंद नहीं करेंगे जब तक खुद बादशाह से बातचीत नहीं कर लेते हैं।"
इससे पहले अंजलि राघव ने मीडिया से कहा था कि उनकी टीम के कुछ लोगों ने उनकी अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें परेशान करने की कोशिश की है और इस मामले का पवन सिंह से कोई लेना-देना नहीं है। मामला पवन सिंह के नहीं बल्कि उनकी टीम के खिलाफ है। उन्होंने कहा, "इंसीडेंट के बाद पवन सिंह ने माफी मांगी और मैंने माफ भी किया, लेकिन उनकी टीम के कुछ लोगों ने ऐसे वीडियो बनाए जो बिल्कुल भी सही नहीं थे। पहले मुझे उन लोगों का नाम नहीं पता था, लेकिन यह पता था कि वे पवन सिंह की टीम के साथ जुड़े हैं।"
--आईएएनएस
पीएस/डीकेपी