×

'अनदेखी: द फाइनल बैटल' का ट्रेलर रिलीज, बदले और सत्ता की जंग में दिखेगा नया तूफान

 

मुंबई, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर क्राइम और थ्रिलर कहानियों की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है इसी कड़ी में एक बार फिर चर्चित वेब सीरीज 'अनदेखी: द फाइनल बैटल' जल्द ही सोनी लिव पर स्ट्रीम होने वाली है। शुक्रवार को इसका ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी। इस बार कहानी में कई नए मोड़ और नए किरदार जोड़े गए हैं, जो पूरी कहानी को एक अलग दिशा देते हैं।

ट्रेलर की शुरुआत ही एक रहस्यमय माहौल से होती है, जहां हर किरदार अपने मकसद के लिए लड़ता नजर आता है। इसमें पापा जी का किरदार निभा रहे हर्ष छाया एक बार फिर सत्ता हासिल करने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। उनका अंदाज पहले से ज्यादा खतरनाक है। वह किसी भी कीमत पर अपनी ताकत वापस पाना चाहते हैं।

दूसरी तरफ रिंकू अटवाल, जिसका रोल सूर्या शर्मा निभा रहे हैं, पूरी तरह टूट चुका है और अपने दर्द और नुकसान के कारण बदले की आग में जल रहा है। ट्रेलर में उनके चेहरे पर गुस्सा, दर्द और बेचैनी साफ दिखाई देती है।

इस बार ट्रेलर में नए किरदार की एंट्री दिखाई गई है, जिसकी भूमिका अभिनेता गौतम रोडे निभाते नजर आएंगे। ट्रेलर में उनके किरदार की झलक कम ही दिखाई गई है, लेकिन उनका किरदार रहस्यमय और प्रभावशाली दिखाई देता है।

ट्रेलर में कई ऐसे सीन भी दिखाए गए हैं, जहां हिंसा, साजिश और रिश्तों के टूटने की झलक मिलती है।

गौतम रोडे ने इस सीरीज से जुड़ने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ''मैं इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित हूं। मैं पहले से इस शो को देखते आया हूं और मुझे इसकी कहानी कहने का तरीका बहुत पसंद है। मेरा किरदार इस सीजन में एक अहम मोड़ लेकर आएगा और दर्शकों को कई चौंकाने वाले पल देखने को मिलेंगे। इस शो की सबसे बड़ी खासियत इसकी गहराई और हर किरदार की मजबूत कहानी है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है।''

वहीं, रिंकू अटवाल के किरदार में नजर आने वाले सूर्या शर्मा ने भी अपने अनुभव बताए। उन्होंने कहा, ''इस सीजन में मेरा किरदार पहले से काफी अलग है। रिंकू अब पहले जैसा नहीं रहा, वह अंदर से टूट चुका है और अपने सवालों के जवाब ढूंढ रहा है। वह एक घायल शेर की तरह है, जो हर हाल में अपनी लड़ाई लड़ने को तैयार है। इस बार कहानी और भी ज्यादा जोरदार होने वाली है।''

इस सीरीज में दिब्येंदु भट्टाचार्य और अंकुर राठी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

--आईएएनएस

पीके/वीसी