×

आनंद आहूजा के जन्मदिन पर ससुर अनिल कपूर ने दी बधाई, शांतिप्रिय स्वभाव की तारीफ की

 

मुंबई, 30 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेत्री सोनम कपूर के पति आनंद आहूजा गुरुवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उनके परिवार के सदस्यों ने जन्मदिन की बधाई दी।

अभिनेता अनिल कपूर ने दामाद आनंद को बधाई देते हुए इंस्टाग्राम पर कुछ साथ ली गई तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने आनंद की तारीफ करते हुए उन्हें बहुत शांतिप्रिय और सकारात्मक व्यक्ति बताया।

अनिल कपूर ने लिखा, "आनंद, पता नहीं क्यों, जब भी मैं तुमसे मिलता हूं, बात करता हूं, तुम्हारी तस्वीरें देखता हूं या तुम्हारी आवाज भी सुनता हूं, तो मुझे तुरंत शांति महसूस होती है। तुममें कुछ तो खास बात है। जिस तरह से तुम अपने आसपास के सभी लोगों का ख्याल रखते हो, तुम्हारे स्वभाव में जो अपनापन है और जिस सहजता से तुम सोनम, बच्चों और हम सभी को प्यार देते हो, यह सब मुझे बहुत शांति, सकारात्मक और सुकून देता है और मुझे खुश कर देता है।"

उन्होंने आगे लिखा, "तुम जैसे हो, वैसे ही रहने के लिए शुक्रिया। हर चीज के लिए शुक्रिया, बेटा। जन्मदिन की बधाई। अपना ख्याल रखना। ढेर सारा प्यार।"

अभिनेता अनिल कपूर के इस पोस्ट पर अनुपम खेर ने भी आनंद को बधाई देते और लिखा, "जन्मदिन मुबारक हो आनंद। तुम बहुत ही शानदार व्यक्ति हो।"

अभिनेत्री सोनम कपूर की बहन और प्रोड्यूसर रिया कपूर ने भी इंस्टाग्राम के माध्यम से जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक तस्वीर शेयर की। इसमें आनंद के साथ सोनम और रिया नजर आ रही हैं। रिया ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "जन्मदिन की बधाई दो आनंद।"

आनंद आहूजा एक जाने-माने भारतीय व्यवसायी हैं। वह भारत की सबसे बड़ी कपड़ा विनिर्माण कंपनियों में से एक, शाही एक्सपोर्ट्स के प्रबंध निदेशक और उनके पारिवारिक व्यवसाय से जुड़े हैं।

अनिल की बेटी सोनम कपूर ने कई साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद मई 2018 में एक शानदार शादी समारोह में बिजनेसमैन आनंद आहूजा से शादी की थी। इस जोड़े ने अगस्त 2022 में अपने पहले बच्चे, एक बेटे का स्वागत किया था, जिसका नाम उन्होंने वायु रखा। उन्होंने मार्च 2026 में अपने दूसरे बेटे का स्वागत किया, जिसका नाम उन्होंने रुद्रलोक कपूर आहूजा रखा है।

--आईएएनएस

एनएस/वीसी