×

अक्षय ओबेरॉय ने बताया सिद्धार्थ आनंद पर करते हैं आंख बंद करके भरोसा, बोले- 'उनसे मैं सवाल नहीं पूछता'

 

मुंबई, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्म इंडस्ट्री में एक अभिनेता और निर्देशक के बीच भरोसा बहुत मायने रखता है क्योंकि कई बार यही भरोसा कलाकार को बेहतर प्रदर्शन करने का हौसला देता है। बॉलीवुड में भी कई ऐसी निर्देशक-अभिनेता की जोड़ियां रही हैं, जिन्होंने साथ काम करते हुए यादगार फिल्में दी हैं। इसी कड़ी में अब अभिनेता अक्षय ओबेरॉय और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की जोड़ी एक बार फिर चर्चा में है। दोनों जल्द ही फिल्म 'किंग' में साथ काम करते नजर आएंगे, जिसमें सुपरस्टार शाहरुख खान भी मुख्य भूमिका में होंगे।

अक्षय ओबेरॉय इससे पहले सिद्धार्थ आनंद के साथ फिल्म 'फाइटर' में काम कर चुके हैं। अब करीब दो साल बाद दोनों दोबारा साथ काम कर रहे हैं। इस मौके पर अक्षय ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ''सिद्धार्थ आनंद के साथ फिर से काम करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव है। जब कोई निर्देशक दोबारा आपको अपनी फिल्म का हिस्सा बनाता है, तो उससे यह महसूस होता है कि उसने आपके काम पर भरोसा किया है। यही बात मुझे सबसे ज्यादा प्रेरित करती है।''

अक्षय ओबेरॉय ने कहा, ''सिद्धार्थ आनंद के साथ मेरा भरोसे से भरा रिश्ता है। जब भी सिद्धार्थ मुझे किसी प्रोजेक्ट के लिए बुलाते हैं, तो मैं ज्यादा सवाल नहीं करता। मुझे पूरा विश्वास होता है कि निर्देशक मेरे लिए सही सोचेंगे और मुझे एक ऐसे किरदार में पेश करेंगे, जहां मैं अपने अभिनय को बेहतर तरीके से दिखा सकूं। एक कलाकार के लिए यह भरोसा बहुत बड़ी बात होती है।''

उन्होंने आगे कहा, ''फिल्म 'किंग' में भी मुझे वही भरोसा महसूस हुआ। सिद्धार्थ आनंद अपने कलाकारों को बहुत अच्छे से समझते हैं। वह जानते हैं कि किस अभिनेता से किस तरह का प्रदर्शन निकलवाना है। यही वजह है कि उनके साथ काम करने वाले कलाकार अक्सर अपने अंदर कुछ नया खोज पाते हैं। उनकी यही खासियत उन्हें बाकी निर्देशकों से अलग बनाती है।''

अभिनेता ने फिल्म 'फाइटर' में काम करने के अनुभव को भी याद किया। उन्होंने कहा, ''उस फिल्म ने मुझे अभिनेता के तौर पर काफी मजबूत बनाया। फिल्म में काम करने का तरीका बेहद अनुशासित था। सिद्धार्थ अपने कलाकारों से काफी मेहनत की उम्मीद रखते हैं और यही चीज कलाकारों को लगातार बेहतर बनने के लिए प्रेरित करती है।''

अक्षय ने कहा, "फाइटर' के दौरान मैंने अभिनय और काम करने के तरीके को लेकर बहुत कुछ सीखा। उस अनुभव ने मेरे अंदर आत्मविश्वास बढ़ाया। अब जब मैं 'किंग' के सेट पर जा रहा हूं, तो पहले से ज्यादा आत्मविश्वास महसूस कर रहा हूं क्योंकि मुझे पता है कि बड़े स्तर की फिल्मों में किस तरह काम किया जाता है और खुद को कैसे तैयार रखना होता है।"

उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि 'फाइटर' से शुरू हुआ मेरा सफर लगातार मुझे आगे बढ़ने में मदद कर रहा है। हर फिल्म और हर अनुभव कलाकार को कुछ नया सिखाता है। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे फिर से सिद्धार्थ आनंद की सिनेमाई दुनिया का हिस्सा बनने का मौका मिला।''

--आईएएनएस

पीके/पीएम