अक्षय कुमार से विक्रांत मैसी तक, पीएम मोदी के जन्मदिन पर सितारों ने की लंबी उम्र और अच्छी सेहत की कामना
मुंबई, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर उन्हें देश और दुनियाभर से जन्मदिन की बधाइयां मिल रही हैं। राजनीतिक जगत के साथ ही फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों ने भी सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। रवीना टंडन, राकेश रोशन, अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, शत्रुघ्न सिन्हा, ए.आर. रहमान और किरण खेर समेत कई कलाकारों ने पीएम मोदी की अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना की।
रवीना टंडन ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ''मैं प्रधानमंत्री के स्वस्थ और लंबी उम्र की कामना करती हूं। दूसरों की मदद और सेवा करने की भावना के साथ आप हमेशा आगे बढ़ते रहें। आपको लंबी और समृद्ध जिंदगी का आशीर्वाद मिले।''
फिल्ममेकर राकेश रोशन ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सेवा करते हुए स्वस्थ और लंबा जीवन जिएं। उनका विजन भारत को आगे बढ़ने की दिशा देता रहे।''
अक्षय कुमार ने भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर खास संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, ''आज हमारे प्रधानमंत्री जी का जन्मदिन है और इस दिन को सेवा संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। मुझे लगता है जन्मदिन मनाने का इससे खूबसूरत कोई और तरीका नहीं हो सकता। हम किसी और के काम आएं, किसी जरूरतमंद की मदद करें, किसी चेहरे पर मुस्कान लाएं, बस इतना सा संकल्प। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई। हमारे महान देश को प्रेरित करते रहें। जय भारत। जय महाकाल।''
अभिनेता रितेश देशमुख ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ''हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर आपको अच्छा स्वास्थ्य और लंबी उम्र दें।''
अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने परिवार की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा, ''सिन्हा परिवार की तरफ से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर की कृपा और आशीर्वाद आप पर बना रहे। आप लंबे, स्वस्थ, शांतिपूर्ण और समृद्ध जीवन जिएं।''
मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर ए.आर. रहमान ने भी सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई।"
वहीं, अभिनेत्री और पूर्व सांसद किरण खेर ने भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, ''देश के सम्मानित और प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर दिल से बधाई और शुभकामनाएं। आपके मजबूत नेतृत्व में 'नेशन फर्स्ट' की भावना के साथ नया भारत आगे बढ़ रहा है। मैं आपकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करती हूं।''
इनके अलावा, विक्रांत मैसी ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, ''हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपको अच्छी सेहत, खुशी और ताकत मिले, और भारत के लिए आपके सभी कामों में लगातार सफलता मिले। आप मिनिस्टर के तौर पर 25 शानदार साल पूरे करने वाले हैं, मैं कामना करता हूं कि आप हमारे देश की सेवा में कई और सालों तक सफलता, ताकत और मकसद के साथ रहें। आखिर में, जब मैं आपसे पर्सनली मिला था, तो आपने जो हिम्मत और सपोर्ट दिया, उसके लिए धन्यवाद। वह दिन मेरे और मेरे परिवार के लिए सबसे खास दिनों में से एक है।''
--आईएएनएस
पीके/एबीएम