☰
×

Akshay Kumar: बकाया 68 हजार रुपये लेने प्रोड्यूसर के घर पहुंचे थे खिलाड़ी कुमार, गुस्से में उठा लाए टेप रिकॉर्डर

 

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और भोजपुरी स्टार व सांसद रवि किशन हाल ही में करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' सीजन 9 में नजर आए। शो के दौरान दोनों कलाकारों ने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के दौरान उन्हें आर्थिक परेशानियों से लेकर कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था। इस बातचीत में अक्षय कुमार ने एक ऐसा किस्सा सुनाया, जब बकाया फीस नहीं मिलने पर वह एक प्रोड्यूसर के घर से उसका टेप रिकॉर्डर उठा लाए थे।

रवि किशन ने फिल्म के लिए छोड़ दी थी अपनी फीस

रवि किशन ने फिल्म 'उधार की जिंदगी' में काम करने का अनुभव साझा किया। इस फिल्म में काजोल और जितेंद्र मुख्य भूमिकाओं में थे, जबकि रवि किशन का किरदार छोटा था। उन्होंने बताया कि फिल्म की डबिंग पूरी होने के बाद प्रोड्यूसर ने उनके सामने विकल्प रखा कि या तो वह अपनी पूरी फीस ले लें या फिर फिल्म में उनके सीन रखे जाएं।

उस समय रवि किशन आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे। उनके गांव में परिवार की जमीन गिरवी रखी हुई थी और उन्हें पैसों की जरूरत थी। इसके बावजूद उन्होंने फिल्म में अपने सीन बनाए रखने के लिए बची हुई फीस छोड़ने का फैसला किया। उनके लिए उस समय पैसे से ज्यादा जरूरी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाना था।

प्रोड्यूसर ने नहीं दिए थे 68 हजार रुपये

रवि किशन की बात सुनकर अक्षय कुमार ने भी अपने शुरुआती करियर का एक किस्सा बताया। उन्होंने कहा कि एक फिल्म के प्रोड्यूसर ने उनकी करीब 68 हजार रुपये की फीस रोक ली थी। उस समय यह रकम उनके लिए काफी बड़ी थी। कई बार पैसे मांगने के बावजूद जब उन्हें भुगतान नहीं मिला, तो उन्होंने खुद प्रोड्यूसर से मिलने का फैसला किया।

घर से टेप रिकॉर्डर उठाकर ले आए अक्षय

अक्षय कुमार ने बताया कि वह मुंबई के माहिम इलाके में स्थित प्रोड्यूसर के घर पहुंचे और दरवाजे की घंटी बजाई। प्रोड्यूसर ने दरवाजा खोला तो उन्हें समझ आ गया कि अक्षय अपने पैसे लेने आए हैं।

अक्षय के मुताबिक, घर के हॉल में एक टेप रिकॉर्डर रखा हुआ था। उन्होंने उसे अनप्लग किया और अपने साथ ले आए। उन्होंने बताया कि उस समय वह काफी गुस्से में थे, क्योंकि प्रोड्यूसर ने उनकी मेहनत की कमाई नहीं दी थी।

अक्षय ने आगे बताया कि उन्होंने उस टेप रिकॉर्डर को 'हीरा पन्ना' में 32 हजार रुपये में बेच दिया। अभिनेता के अनुसार, प्रोड्यूसर ने बाद में भी उनके बकाया पैसे वापस नहीं किए। शो में सुनाया गया यह किस्सा उनके संघर्ष के शुरुआती दौर की मुश्किलों को दिखाता है।