छात्र आंदोलन पर पोस्ट करना पड़ा भारी, वीडियो में जाने एक्ट्रेस पर्ल माने के दो दिन में 3 लाख से ज्यादा इंस्टाग्राम फॉलोअर्स घटे
'बिग बॉस मलयालम सीजन 1' की कंटेस्टेंट और अभिनेत्री पर्ल माने छात्र आंदोलन पर की गई अपनी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गई हैं। उनकी पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर विरोध तेज हो गया, जिसके चलते महज दो दिनों में उनके 3 लाख से अधिक इंस्टाग्राम फॉलोअर्स कम हो गए। विवाद उस समय और बढ़ गया जब पर्ल ने अपनी पोस्ट का कमेंट सेक्शन बंद कर दिया।
छात्र आंदोलन पर लिखी थी भावुक पोस्ट
पर्ल माने ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए देशभर में चल रहे छात्र प्रदर्शनों को "दर्दनाक" और "दिल तोड़ने वाला" बताया था। उन्होंने अपनी पोस्ट में आंदोलन के दौरान छात्रों की सुरक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए लिखा कि उनकी सबसे बड़ी चिंता यह है कि किसी को कोई नुकसान न पहुंचे।उन्होंने लिखा कि यदि किसी की जान को खतरा महसूस हो तो उसे सुरक्षित घर लौट जाना चाहिए, क्योंकि "कोई भी मुद्दा किसी की जिंदगी से बड़ा नहीं होता।"
आंदोलन के उद्देश्य को लेकर भी जताई चिंता
अपनी पोस्ट में पर्ल ने यह उम्मीद भी जताई कि छात्र आंदोलन का मूल उद्देश्य किसी भी तरह भटकना नहीं चाहिए और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ना चाहिए।हालांकि, उनकी इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने उनकी अपील को मानवीय और संवेदनशील बताया, जबकि कई यूजर्स ने उनकी पोस्ट की आलोचना की।
कमेंट सेक्शन बंद करने पर बढ़ा विवाद
पोस्ट शेयर करने के साथ ही पर्ल माने ने उसका कमेंट सेक्शन बंद कर दिया। उन्होंने इसे लेकर लिखा कि कमेंट बंद करना भी उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा है।लेकिन इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई। कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी बात तो रखी, लेकिन लोगों की प्रतिक्रिया सुनने का अवसर नहीं दिया।
दो दिन में 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स कम
विवाद के बीच पर्ल माने की सोशल मीडिया लोकप्रियता पर भी असर पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पोस्ट वायरल होने के बाद दो दिनों के भीतर उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से 3 लाख से अधिक फॉलोअर्स कम हो गए।हालांकि, इस पूरे विवाद पर पर्ल माने ने फिलहाल कोई नया बयान जारी नहीं किया है।
सोशल मीडिया पर जारी है बहस
यह मामला एक बार फिर इस बात को लेकर चर्चा में है कि सार्वजनिक हस्तियों की सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर की गई टिप्पणियां किस तरह सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं का कारण बन सकती हैं। वहीं, पर्ल माने की पोस्ट को लेकर समर्थकों और आलोचकों के बीच बहस अभी भी जारी है।