‘The Paradise’ के टीजर लुक में छाए अभिनेता नानी: इवेंट में अपना ही आइकॉनिक सीन रिक्रिएट कर लूटी महफिल
साउथ सिनेमा के नेचुरल स्टार नानी की अपकमिंग फिल्म 'द पैराडाइज' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी यह फिल्म रिलीज से पहले ही अपने टीजर और गानों की वजह से चर्चा में है। अब फिल्म की प्रेस कॉन्फ्रेंस में नानी एक बार फिर अपने खास लुक को लेकर सुर्खियों में आ गए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रीक्रिएट किया टीजर वाला लुक
'द पैराडाइज' की प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म की स्टारकास्ट राघव जुयाल, नानी, कायड़ू लोहार और सोनाली कुलकर्णी शामिल हुए। इस दौरान नानी ने फिल्म के टीजर में नजर आए अपने आइकॉनिक लुक को दोबारा रीक्रिएट किया।
नानी इस इवेंट में प्रिंटेड स्टाइलिश आउटफिट में नजर आए। इसके साथ उन्होंने गॉगल्स भी लगाए हुए थे, जिसने उनके पूरे लुक को और ज्यादा आकर्षक बना दिया। जैसे ही नानी इस अंदाज में कार्यक्रम में पहुंचे, उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का हिस्सा बनने लगे।
फिल्म के टीजर में नानी का यह लुक पहले ही दर्शकों का ध्यान खींच चुका है। ऐसे में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उसी अंदाज को दोबारा देखना फैंस के लिए खास पल रहा।
'आया शेर' को मिल चुके हैं 200 मिलियन से ज्यादा व्यूज
'द पैराडाइज' के गाने भी रिलीज के बाद लगातार चर्चा में हैं। फिल्म का पहला गाना 'आया शेर' यूट्यूब पर 200 मिलियन से ज्यादा व्यूज का आंकड़ा पार कर चुका है। गाने को 1.8 मिलियन से ज्यादा लाइक्स भी मिल चुके हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर इस गाने से जुड़े कई रील्स भी देखने को मिल रहे हैं।
वहीं फिल्म का दूसरा गाना 'येशानागुला' भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो रहा है। इस गाने ने यूट्यूब पर 119 मिलियन से ज्यादा व्यूज और 700K से अधिक लाइक्स हासिल किए हैं। दोनों गानों को मिल रही प्रतिक्रिया से फिल्म के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी का अंदाजा लगाया जा सकता है।
8 भाषाओं में सिनेमाघरों में आएगी 'द पैराडाइज'
SLV सिनेमाज के बैनर तले बनी 'द पैराडाइज' को बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म 24 सितंबर 2026 को हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम समेत 8 भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म के ग्लोबल स्तर को देखते हुए मेकर्स की ओर से इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेश करने की तैयारी भी की जा रही है। रिपोर्ट्स में हॉलीवुड स्टार रयान रेनॉल्ड्स से फिल्म को इंटरनेशनल मार्केट में प्रेजेंट करने के लिए संपर्क किए जाने की बात कही गई है।
फिलहाल नानी की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस, श्रीकांत ओडेला का निर्देशन, फिल्म की स्टारकास्ट और लगातार चर्चा में बने गानों ने 'द पैराडाइज' को रिलीज से पहले ही सुर्खियों में ला दिया है। अब दर्शकों की नजर 24 सितंबर को फिल्म की रिलीज पर टिकी है।