×

गणेशोत्सव पर अभिजीत सावंत का खास तोहफा: रिलीज़ हुआ 'गण धाव रे' गाना, बेटियों ने संग गाकर बनाया खास

 

‘इंडियन आइडल’ के पहले सीजन से घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाले सिंगर अभिजीत सावंत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। गणेश चतुर्थी के खास मौके पर उन्होंने अपना नया भक्ति गीत ‘गण धाव रे’ रिलीज किया है। इस गाने की खास बात यह है कि अभिजीत के साथ उनकी दोनों बेटियां अहाना और समीरा भी इस म्यूजिकल प्रोजेक्ट का हिस्सा बनी हैं। दोनों ने गाने में बैकग्राउंड वोकल्स दिए हैं।अभिजीत सावंत ने बताया कि बेटियों के साथ इस गाने को रिकॉर्ड करना उनके लिए बेहद खास और भावुक पल था। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब उनकी म्यूजिकल जर्नी में वह और उनकी दोनों बेटियां एक साथ किसी गाने के लिए अपनी आवाज दे रहे हैं।

बेटियों के साथ गाना रिकॉर्ड करना रहा खास

अभिजीत के मुताबिक, ‘गण धाव रे’ उनके दूसरे प्रोजेक्ट्स से काफी अलग है। उनके लिए यह सिर्फ एक भक्ति गीत नहीं, बल्कि परिवार के साथ जुड़ी एक खास याद है।सिंगर ने कहा कि रिकॉर्डिंग के दौरान बेटियों का उनके साथ होना उन्हें बप्पा का एक खूबसूरत संयोग लगा। उनका मानना है कि गणपति बप्पा के साथ हर इंसान का अपना अलग रिश्ता होता है। कोई उन्हें दोस्त मानता है, कोई परिवार का हिस्सा, तो कोई मुश्किल वक्त में अपना सहारा समझता है।गण धाव रे’ के जरिए अभिजीत इसी भावनात्मक रिश्ते को संगीत के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। बेटियों की आवाज जुड़ने से यह गाना उनके लिए और भी खास बन गया है।

‘आपका अभिजीत सावंत’ से शुरू हुई थी म्यूजिकल जर्नी

अभिजीत सावंत ने ‘इंडियन आइडल’ के पहले सीजन से जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। शो के बाद उन्होंने अपनी सिंगिंग करियर की शुरुआत को आगे बढ़ाया और साल 2005 में अपना पहला सोलो एल्बम ‘आपका अभिजीत सावंत’ रिलीज किया।

इसी साल उन्होंने फिल्म ‘आशिक बनाया आपने’ के लिए भी प्लेबैक सिंगिंग की थी और ‘मर जावां मिट जावां’ जैसे गाने को अपनी आवाज दी।

इसके बाद साल 2007 में उनका दूसरा एल्बम ‘जुनून’ रिलीज हुआ। करीब छह साल बाद 2013 में उन्होंने अपना तीसरा स्टूडियो एल्बम ‘फरीदा’ पेश किया।

एक्टिंग में भी आजमा चुके हैं हाथ

सिंगिंग के अलावा अभिजीत सावंत ने एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा। साल 2009 में उन्होंने फिल्म ‘लॉटरी’ से एक्टिंग डेब्यू किया था। इसके बाद वह ‘तीस मार खान’ में भी एक छोटे से अपीयरेंस में नजर आए।

हाल ही में अभिजीत एक बार फिर ‘इंडियन आइडल’ के मंच पर दिखाई दिए। शो के 75वें एपिसोड यानी डायमंड जुबली स्पेशल में पहले सीजन के कंटेस्टेंट्स का खास रीयूनियन हुआ था।

इस दौरान अभिजीत सावंत और अमित सना करीब 22 साल बाद एक बार फिर एक ही मंच पर नजर आए। पुराने कंटेस्टेंट्स की इस वापसी ने शो के फैंस को पुरानी यादों से जोड़ दिया।

अब ‘गण धाव रे’ के जरिए अभिजीत सावंत ने गणपति बप्पा के प्रति अपनी आस्था को संगीत के साथ-साथ परिवार की खूबसूरत याद से भी जोड़ दिया है।