टीवी इंडस्ट्री पर आंचल खुराना का तीखा बयान, वीडियो में कहा– “हर छोटी बात पर रिप्लेसमेंट का डर”
टीवी इंडस्ट्री में हाल ही में सामने आए कथित मामले के बाद अब एक्ट्रेस आंचल खुराना ने इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए टीवी इंडस्ट्री के माहौल और कलाकारों पर पड़ने वाले दबाव को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।आंचल खुराना ने अपने वीडियो में कहा कि मनोरंजन जगत के पीछे की सच्चाई अक्सर दर्शकों से छिपी रहती है। उन्होंने एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक एक्टर ने अपनी जान दे दी, लेकिन इसके बावजूद इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता।
उन्होंने कहा कि चैनल को टीआरपी चाहिए, प्रोड्यूसर को बजट बचाना होता है और दर्शकों को सिर्फ मनोरंजन चाहिए, लेकिन इस पूरी प्रक्रिया में कलाकार किन परिस्थितियों से गुजरते हैं, इस पर कोई ध्यान नहीं देता।एक्ट्रेस ने आगे कहा कि टीवी इंडस्ट्री में कलाकारों के लिए लगातार रिप्लेसमेंट का डर बना रहता है। उनके अनुसार, “एक छोटी सी बात पर रिप्लेसमेंट, किसी के साथ सोओगे नहीं तो रिप्लेसमेंट, किसी से बहस कर लोगे तो रिप्लेसमेंट, सेल्फ रिस्पेक्ट बचाओगे तो रिप्लेसमेंट” जैसी स्थितियां कई कलाकारों के सामने आती हैं।
आंचल खुराना ने यह भी आरोप लगाया कि चैनल और प्रोड्यूसर्स के लिए मुनाफा सबसे ऊपर होता है और कलाकारों की भावनाएं या संघर्ष अक्सर नजरअंदाज कर दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार कलाकारों को बेहद असुरक्षित माहौल में काम करना पड़ता है, जहां नौकरी की कोई गारंटी नहीं होती।उन्होंने आगे कहा कि इंडस्ट्री में रिप्लेसमेंट करना बहुत आसान है और इसी वजह से कलाकार लगातार दबाव में रहते हैं। उनके अनुसार, इस सिस्टम में व्यक्ति की प्रतिभा से ज्यादा परिस्थितियों और प्रबंधन के फैसले ज्यादा मायने रखते हैं।
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग उनके समर्थन में नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इसे इंडस्ट्री की जटिल व्यवस्था का एक पक्ष बता रहे हैं। फिलहाल आंचल खुराना के इस बयान ने टीवी इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों की स्थिति और काम के माहौल पर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है।