‘रामायण’ के लक्ष्मण सुनील लहरी का बयान का सामने आया वायरल वीडियो, विपक्षी नेताओं पर निशाना, देशहित में एकजुटता की अपील
रामानंद सागर की मशहूर टीवी सीरीज ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने राजनीति और विपक्षी दलों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।सुनील लहरी ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने भारत की राजनीतिक स्थिति पर अपनी राय रखी है। इस वीडियो में उन्होंने विपक्षी नेताओं पर गंभीर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश के कुछ विपक्षी नेता बाहरी ताकतों के साथ मिलकर देश की गरिमा को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
अपने पोस्ट के साथ लिखे संदेश में सुनील लहरी ने कहा कि यदि भारत को दुनिया में और मजबूत और नंबर-1 बनाना है, तो सभी राजनीतिक दलों को अपने मतभेद भुलाकर एकजुट होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष को सरकार के साथ मिलकर बाहरी नकारात्मक शक्तियों का मुकाबला करना चाहिए, न कि उनका समर्थन करना चाहिए।अभिनेता ने अपनी पोस्ट में इटली की राजनीति का भी जिक्र करते हुए कहा कि भारत को भी वहां की राजनीतिक समझ से सीख लेने की जरूरत है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग उनके विचारों का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे राजनीतिक रूप से एकतरफा बयान बता रहे हैं।
सुनील लहरी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश में राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है और विभिन्न मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस जारी है।गौरतलब है कि सुनील लहरी अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय सोशल मीडिया के जरिए व्यक्त करते रहे हैं। हालांकि, उनके ताजा बयान ने एक नई बहस को जन्म दे दिया है, जिसमें राजनीति में कलाकारों की भूमिका और उनकी सार्वजनिक टिप्पणियों पर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल उनका यह वीडियो लगातार वायरल हो रहा है और विभिन्न राजनीतिकसमर्थक अपने-अपने तरीके से इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।