'रामायण' देखने का सुनहरा मौका! सिर्फ 99 रुपये में मिलेगी टिकट, मेकर्स ने घटाए 80% तक दाम
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 19 दिनों में फिल्म की कमाई 950 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है और अब यह 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा छूने की ओर बढ़ रही है। हालांकि, बीते कुछ दिनों से फिल्म की कमाई की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। ऐसे में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए मेकर्स ने टिकटों की कीमतों में बड़ी कटौती करने का फैसला किया है। अब दर्शक इस फिल्म को कई सिनेमाघरों में महज 99 रुपये की शुरुआती कीमत पर देख सकते हैं।
सिर्फ 99 रुपये से शुरू होगी टिकट की कीमत
फिल्म के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर सोमवार को एक पोस्टर जारी कर टिकटों की कीमत कम करने की जानकारी दी गई। पोस्ट के कैप्शन में बताया गया कि मंगलवार को बड़े पर्दे पर 'रामायण' का अनुभव सिर्फ 99 रुपये से शुरू होने वाली टिकट के साथ लिया जा सकता है। पोस्ट में गुरुपर्व की शुभकामनाएं भी दी गईं।
इस घोषणा के बाद देश के कई सिनेमाघरों में फिल्म के टिकट सस्ते कर दिए गए हैं। जिन शहरों में पहले 2D शो की टिकट 300 से 400 रुपये तक में मिल रही थी, वहां अब कई जगहों पर 99 रुपये में टिकट उपलब्ध हैं। कुछ सिनेमाघरों में टिकटों की कीमत में 80 फीसदी तक की कटौती की गई है।
प्रीमियम और IMAX शो के टिकट कितने सस्ते हुए?
सामान्य 2D शो के मुकाबले प्रीमियम सीटों की कीमत थोड़ी ज्यादा रखी गई है। रिक्लाइनर सीटों के टिकट लगभग 199 से 249 रुपये के बीच मिल रहे हैं।
वहीं, 3D और IMAX शो की कीमतों में भी कमी की गई है। मुंबई और दिल्ली जैसे शहरों में 3D शो के टिकट 119 से 249 रुपये के बीच उपलब्ध बताए जा रहे हैं। कुछ सिनेमाघरों में IMAX 3D की टिकट भी घटकर करीब 250 रुपये तक पहुंच गई है। हालांकि, कुछ जगहों पर प्रीमियम स्क्रीन के टिकट अब भी 700 से 800 रुपये तक के हैं।
पूरे हफ्ते मिल सकता है सस्ती टिकट का फायदा
रिपोर्ट के मुताबिक, टिकटों की कम कीमतों का फायदा केवल मंगलवार तक सीमित नहीं रहेगा। BookMyShow पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह ऑफर पूरे सप्ताह लागू रहने की बात कही गई है। हालांकि, टिकटों की कीमतें दोबारा कब बढ़ाई जाएंगी, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है।
19वें दिन कमाई में आई गिरावट
'रामायण' ने रिलीज के शुरुआती दिनों में बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी। फिल्म ने एक दिन में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार भी किया। लेकिन रिलीज के 19वें दिन यानी तीसरे सोमवार को इसकी दैनिक कमाई घटकर करीब 12 करोड़ रुपये रह गई।
फिल्म फिलहाल देशभर में लगभग 4000 स्क्रीन पर दिखाई जा रही है। ऐसे में टिकटों की कीमतों में कटौती को दर्शकों की संख्या बढ़ाने और बॉक्स ऑफिस पर कमाई की रफ्तार बनाए रखने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।