'साइकिल गैप' से तमिल सिनेमा में कदम रखेंगी शेरी अग्रवाल, प्यार की कहानी लाएगी फिल्म
मुंबई, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री शेरी अग्रवाल डायरेक्टर एमआर की फिल्म 'साइकिल गैप' से तमिल सिनेमा में डेब्यू करने जा रही हैं। यह फिल्म 1990 के दशक के प्यार और पुरानी यादों को आज की पीढ़ी की भावनाओं और संवेदनाओं के साथ जोड़ने वाली एक भावनात्मक प्रेम कहानी है।
अभिनेत्री का कहना है कि यह फिल्म पुरानी यादों और आज के दौर के प्यार का खूबसूरत मेल है। उन्होंने कहा, "एक एक्ट्रेस के तौर पर मैं कह सकती हूं कि 'साइकिल गैप' में काम करने का मेरा अनुभव बहुत ही शानदार और यादगार रहा। यह पुरानी यादों और नए जमाने के रोमांस का एक खूबसूरत संगम है। पूरी टीम बहुत सपोर्टिव थी और इसी पॉजिटिव माहौल की वजह से शूटिंग मेरे लिए बहुत ही मजेदार और सीखने वाला अनुभव रहा।"
फिल्म से जुड़े सभी लोगों का शुक्रिया अदा करते हुए एक्ट्रेस ने कहा, "मैं सच में भविष्य में इस शानदार टीम के साथ दोबारा काम करना चाहूंगी। मैं प्रोड्यूसर और हीरो नवाज, डायरेक्टर एमआर भारती, डीओपी सोलोमन, हेमंत सेल्वराज, एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सुजा सूर्या नीला और 'साइकिल गैप' की पूरी टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं देती हूं। उम्मीद है कि दर्शक फिल्म को उसी प्यार और उत्साह के साथ अपनाएंगे, जिस प्यार से हम सबने इस पर काम किया है।"
संगीत, रोमांस और आम लोगों की भावनाओं से भरी यह फिल्म दो पीढ़ियों के प्यार को एक साथ लाने की कोशिश करेगी, जो एक तरफ अतीत की याद दिलाएगी तो दूसरी तरफ आज के दर्शकों से भी जुड़ेगी। ट्यूबलाइट प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित और एमआर भारती द्वारा निर्देशित इस फिल्म में शेरी के साथ प्रोड्यूसर और एक्टर नवाज लीड रोल में हैं। इनके अलावा, फिल्म में प्रभु शास्ता भी एक अहम किरदार में नजर आएंगे।
फिल्म का संगीत नवोदित संगीतकार सतीश पद्मनाभन ने तैयार किया है। इसके गीतों को नरेश अय्यर, श्रीनिषा जयसीलन और कौशिक श्रीधरन ने गाया है। हालांकि, म्यूजिकल लव स्टोरी और पारिवारिक ड्रामा फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
--आईएएनएस
एनएस/एबीएम