☰
×

सुनीता राव ने सुनाया 90 के दशक के हिट गाने का किस्सा, बोलीं-"गलत सिंगर को दिया गया था क्रेडिट"

 

मुंबई, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। 'परी हूं मैं' जैसे हिट गाना देने वाली गायिका सुनीता राव ने मंगलवार को प्लेबैक हिट 'इन द नाइट, नो कंट्रोल' को याद किया। साथ ही, उन्होंने इसके पीछे की दिलचस्प कहानी भी बताई।

अभिनेत्री और भारतीय पॉप गायिका सुनीता राव ने इंस्टाग्राम पर 1996 में आई उमेश मेहरा द्वारा निर्देशित फिल्म के रेखा और अक्षय के गाने का म्यूजिक वीडियो शेयर किया, जिसमें अभिनेत्री ने बताया कि यह गाना कई सालों तक गलती से किसी और सिंगर के नाम से क्रेडिट दिया गया था, बाद में उनके नाम से सही किया गया। सुनीता राव ने लिखा, "मेरे बॉलीवुड प्लेबैक इतिहास का एक हॉट हिस्सा।"

उन्होंने आगे लिखा, "फिल्म 'खिलाड़ियों के खिलाड़ी' का गाना 'इन द नाइट, नो कंट्रोल' 90 के दशक में मेरे हिट गानों में से एक था लेकिन गलती से इसका क्रेडिट किसी और सिंगर को दिया गया था।"

उन्होंने बताया कि यह गाना उस समय ट्रेंड में था। सुनीता राव ने लिखा, "रेखा और अक्षय कुमार पर फिल्माया गया यह गाना टिप्स ने रिलीज किया था, जिसमें उस दौर के बेहतरीन कंपोजर अनु मलिक थे। उस समय दोनों एक्टर्स की केमिस्ट्री ने स्क्रीन पर धमाल मचा दिया था।"

सिंगर ने लिखा, "शर्ली सिंह और उनकी एमआरएम म्यूजिक राइट्स कंपनी की कड़ी मेहनत से यह गलती सुधारी गई और अब क्रेडिट लाइन में मेरा नाम सही तरीके से लिखा गया है!! शाबाश और धन्यवाद! यूट्यूब पर यह गाना देखें, यह काफी मजेदार है।"

खिलाड़ियों के खिलाड़ी' में रवीना टंडन और पूर्व डब्ल्यूडब्ल्यूएफ (अब डब्ल्यूडब्ल्यूई) रेसलर्स ब्रायन एडम्स (क्रश) और ब्रायन ली (द अंडरटेकर) भी थे। यह फिल्म 1996 की 5वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी।

फिल्म की कहानी अक्षय के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने गुमशुदा भाई की तलाश में माया नाम की एक गैंगस्टर के गैंग से जुड़ जाता है। उसका भरोसा जीतने के लिए उसे अपनी शारीरिक ताकत साबित करनी होती है और एक रेसलिंग मैच में अपने प्रतिद्वंद्वी को हराना होता है।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम