×

25 साल पुराने कपड़ों को आज भी आलमारी में रखी हैं जीनत अमान, बताई मजेदार वजह

 

नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। पुरानी चीजें हमेशा खास होती हैं। वे यादों का खजाना हों या वस्तु, जिसे हर बार देखने पर पुरानी खुशियां, पल और भावनाएं ताजा हो जाती हैं। अभिनेत्री जीनत अमान भी यही मानती हैं। इसी क्रम में उन्होंने बताया कि 25 साल पुराने कपड़े आज भी उनकी अलमारी में रखे हैं, क्योंकि अच्छी चीजें कभी पुरानी नहीं होतीं।

70-80 के दशक में 'सत्यम शिवम सुंदरम', 'रोटी कपड़ा और मकान', 'लावारिस', और 'हरे रामा हरे कृष्णा' जैसी फिल्मों से सुपरस्टार बनीं जीनत आज भी अपनी फिटनेस और फैशन सेंस से सबको इंस्पायर करती हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट्स करती हैं जो न सिर्फ मनोरंजक होती हैं, बल्कि जीवन के साधारण लेकिन गहरे पहलुओं को भी छूती हैं। वह अक्सर पुरानी फिल्मों या एक्टर्स से जुड़े किस्से-कहानियां शेयर करती रहती हैं।

जीनत अमान का मानना है कि पुरानी चीजें ही सोना होती हैं यानी ओल्ड इज गोल्ड। जीनत ने इंस्टाग्राम पर एक मजेदार पोस्ट में लिखा कि 'ओल्ड इज गोल्ड' और पुराने कपड़े उनके लिए आज भी खास हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे कपड़ों को सिर्फ इसलिए फेंक देना कि वे पहले पहने जा चुके हैं, यह बात उन्हें कभी समझ नहीं आई।

उन्होंने एक खूबसूरत आउटफिट की तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, “ओल्ड इज गोल्ड, आपको नहीं लगता! किसी इवेंट के लिए बाहर निकलने से पहले अपार्टमेंट बिल्डिंग के फॉयर में मस्ती कर रही हूं। मुझे कपड़े रिपीट करने का बहुत शौक है।”

जीनत ने बताया कि पिछले साल उन्होंने इस ब्रांड के लिए शूट किया था और अब इसे फॉर्मल इवेंट्स में दोबारा पहन रही हैं। स्प्रिंग क्लीनिंग करते समय जीनत को अपनी अलमारी में कई ऐसे कपड़े मिले, जो 25 साल से भी पुराने हैं। उन्होंने फैंस से पूछा, “क्या आपकी अलमारी में भी कोई ऐसा कपड़ा है, जिसे आपने इतने सालों से बार-बार इस्तेमाल किया है? मुझे कमेंट्स में पढ़ना अच्छा लगेगा।”

--आईएएनएस

एमटी/डीकेपी