18 की उम्र में शादी तो 20 में बनीं मां, प्यार के लिए समाज से तोड़ा नाता, फिल्म स्क्रिप्ट से कम नहीं 'नीता' की कहानी
मुंबई, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। सितारों की जिंदगी बाहर से जितनी चमकदार और ग्लैमरस लगती है, असल में उतनी आसान नहीं होती। उसमें भी दर्द, संघर्ष और मुश्किल पल आते हैं। ऐसी ही एक फिल्मी कहानी से कम नहीं है अभिनेत्री तनाज ईरानी की जिंदगी। महज 18 साल की उम्र में शादी, 20 साल की उम्र में मां बनना, समाज का विरोध झेलना, तलाक का दर्द सहना और फिर दोबारा प्यार और शादी का सफर- तनाज की कहानी उतार-चढ़ाव और हिम्मत से भरी हुई है।
8 अप्रैल 1972 को मुंबई में जन्मी तनाज ईरानी ने मुंबई में अपनी पढ़ाई पूरी की। आज वह तीन बच्चों की मां हैं, लेकिन उनकी फिटनेस और हंसमुख व्यक्तित्व के साथ खूबसूरती को देखकर उनकी उम्र का अंदाजा लगाना मुश्किल है।
तनाज ने महज 18 साल की उम्र में फरीद करीम से शादी कर ली थी। शादी के दो साल बाद, जब वह 20 साल की थीं, उनकी पहली बेटी जैनी का जन्म हुआ। इस शादी के लिए उन्हें अपने पारसी समुदाय से काफी विरोध का सामना करना पड़ा था। समाज ने उन्हें बाहर निकाल दिया, लेकिन तनाज ने प्यार के लिए यह सब सह लिया। दुर्भाग्यवश यह शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकी और तनाज को तलाक का दर्द झेलना पड़ा।
तलाक के बाद उन्होंने अपनी जिंदगी को फिर से पटरी पर लाने के लिए एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। साल 2000 में राकेश रोशन की फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ से उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। इस फिल्म में वह अमिषा पटेल की बहन 'नीता' के किरदार में नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने ‘हमारा दिल आपके पास है’, ‘36 चाइना टाउन’, ‘हद कर दी आपने’ और ‘मैं प्रेम की दीवानी हूं’ जैसी फिल्मों में काम किया। टीवी पर भी तनाज काफी लोकप्रिय रहीं। उन्होंने ‘जबान संभाल के’, ‘कहानी घर घर की’, ‘स्वाभिमान’, ‘श्री’ और ‘अपना टाइम भी आएगा’ जैसे कई सीरियलों में यादगार किरदार निभाए।
पहली शादी टूटने के बाद तनाज की जिंदगी में फिर प्यार आया। ‘गुरुकुल’ शो की शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात अभिनेता बख्तियार ईरानी से हुई। दोनों एक-दूसरे के प्यार में पड़ गए। हालांकि, बख्तियार से 8 साल बड़ी होने के कारण अभिनेता के परिवार ने शुरू में इस रिश्ते का विरोध किया, लेकिन बख्तियार की बहन और अभिनेत्री डेलनाज ईरानी ने परिवार को मना लिया। आखिरकार, साल 2007 में वह बख्तियार के साथ शादी के बंधन में बंध गईं। दूसरी शादी के बाद तनाज को दो और बच्चे हुए। आज वे बख्तियार के साथ खुशहाल जिंदगी बिता रही हैं।
हालांकि, पिछले कुछ सालों से वे एक्टिंग से थोड़ी दूर हो गई हैं, लेकिन उनकी मुस्कान और पॉजिटिव एनर्जी आज भी वैसी ही है।
--आईएएनएस
एमटी/डीकेपी