12 साल की उम्र से नशे की गिरफ्त में आ गए थे प्रतीक बब्बर, 13 वर्ष की आयु तक गंभीर हो गई थी लत
मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता प्रतीक बब्बर अपनी फिल्मों से ज्यादा कई बार अपनी निजी जिंदगी के उतार-चढ़ाव को लेकर चर्चा में रहे हैं। उनकी असल जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। बचपन में मां स्मिता पाटिल को खोना, परिवार से दूरी, अपनी पहचान को लेकर संघर्ष और फिर नशे की लत से जूझना, इन सबका असर उनकी जिंदगी पर पड़ा।
एक बार उन्होंने खुद खुलासा किया था कि वह महज 12 साल की उम्र से पहले ही नशे के संपर्क में आ गए थे और 13 साल की उम्र तक यह समस्या गंभीर रूप ले चुकी थी। आज वह अपनी जिंदगी के उस मुश्किल दौर को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रतीक बब्बर का जन्म 28 नवंबर 1986 को मुंबई में हुआ था। वह दिग्गज अभिनेत्री स्मिता पाटिल और अभिनेता राज बब्बर के बेटे हैं। प्रतीक के जन्म के करीब 15 दिन बाद ही उनकी मां स्मिता पाटिल का निधन हो गया था। ऐसे में उन्हें मां का प्यार नहीं मिल पाया। उनका बचपन नाना-नानी के साथ बीता।
प्रतीक ने एक इंटरव्यू में नशे की लत के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि यह समस्या उनके बचपन में ही शुरू हो गई थी। 13 साल की उम्र तक वह नशे की गंभीर समस्या से जूझने लगे थे। उनके लिए यह दौर काफी मुश्किल था और इससे बाहर निकलना आसान नहीं रहा। नशे की समस्या का असर उनकी पढ़ाई और करियर पर भी पड़ा।
प्रतीक ने बताया था कि वह सुभाष घई के एक्टिंग इंस्टीट्यूट व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल में अभिनय सीख रहे थे, लेकिन अपनी आदतों के चलते उन्हें वहां से निकाल दिया गया। यह उनके लिए बड़ा झटका था। जिस उम्र में दूसरे बच्चे पढ़ाई और अपने भविष्य के सपने देखने में व्यस्त होते हैं, उस समय प्रतीक अपनी निजी परेशानियों से जूझ रहे थे। बाद में उन्होंने अपनी गलतियों को स्वीकार किया और जिंदगी में आगे बढ़ने का रास्ता चुना।
प्रतीक ने साल 2008 में फिल्म 'जाने तू... या जाने ना' से बॉलीवुड में कदम रखा था। आमिर खान प्रोडक्शंस की इस फिल्म में इमरान खान और जेनेलिया डिसूजा मुख्य भूमिकाओं में थे। प्रतीक ने फिल्म में अमित महंत का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने पसंद किया। इसके बाद उन्होंने 'धोबी घाट' में मुन्ना का किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता दिखाई। इस फिल्म में उनके साथ आमिर खान, मोनिका डोगरा और कृति मल्होत्रा नजर आए थे।
इसके बाद प्रतीक 'दम मारो दम', 'आरक्षण', 'एक दीवाना था' और 'इसाक' जैसी फिल्मों में दिखाई दिए। साल 2018 में आई फिल्म 'मुल्क' में उनके काम की चर्चा हुई। इसके बाद वह 'बागी 2' और 'छिछोरे' जैसी फिल्मों का हिस्सा बने। 'छिछोरे' में उन्होंने रैगी का किरदार निभाया था। वहीं, नेटफ्लिक्स की फिल्म 'कोबाल्ट ब्लू' में भी उन्होंने एक अलग तरह की भूमिका निभाई।
--आईएएनएस
पीके/डीकेपी