UP Board Exam Shocking Reveal: चेकिंग के दौरान कॉपियों में मिले पैसे! जानें किस-किस पर होगी कार्रवाई
यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा 2026 के बाद मुजफ्फरनगर में परीक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा मामला सामने आया है. परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए दूसरे जिलों में भेजे जाने के बाद 100 से अधिक कॉपियों में 500-500 रुपये के नोट बंधे मिले. मामला सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जांच शुरू कर दी है. अब संबंधित परीक्षा केंद्र के प्रभारी और उन स्कूलों के प्रधानाचार्यों को भी जवाब देने के लिए बुलाया गया है, जिनके छात्रों की कॉपियों में पैसे मिले थे.
100 से ज्यादा कॉपियों में मिले नोट
मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज में जुलाई 2026 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट व इंप्रूवमेंट परीक्षा आयोजित की गई थी. परीक्षा में करीब 700 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे. परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन के लिए दूसरे जिले भेजा गया. इसी दौरान जांच में कई कॉपियों के अंदर 500-500 रुपये के नोट बंधे मिले.
जानकारी के मुताबिक, 100 से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं में पैसे मिले और ये कॉपियां करीब 12 छात्रों से जुड़ी बताई जा रही हैं. कॉपियों में इस तरह रुपये मिलने के बाद पूरे मामले को अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जोड़कर देखा जा रहा है. इसकी जानकारी माध्यमिक शिक्षा परिषद के अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद जांच की प्रक्रिया शुरू हुई.
सामूहिक नकल की आशंका
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर परीक्षा केंद्र के प्रभारी और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को क्षेत्रीय सचिव कार्यालय में सुनवाई के लिए तलब किया गया. मंगलवार को हुई सुनवाई में 12 संबंधित प्रधानाचार्यों के अलावा जीआईसी मुजफ्फरनगर के प्रधानाचार्य और परीक्षा केंद्र प्रभारी सुभाष चंद्र का पक्ष भी सुना गया.
सुनवाई के दौरान क्षेत्रीय सचिव ज्योति प्रसाद ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर प्रधानाचार्यों को फटकार लगाई. मामले में सामूहिक नकल कराए जाने की आशंका भी जताई गई है. सुनवाई पूरी होने के बाद क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है. अब इस मामले में अंतिम फैसला उच्च स्तर पर लिया जाएगा.
इन स्कूलों के प्रधानाचार्य तलब
सुनवाई के लिए जिन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को बुलाया गया, उनमें श्री कुंदकुंद जैन इंटर कॉलेज खतौली, जीआईसी बडसू, आदेश इंटर कॉलेज, श्री प्राणनाथ इंटर कॉलेज रतनपुरी, सर सैयद इंटर कॉलेज बुढ़ाना और एसडीएस इंटर कॉलेज तितावी शामिल हैं.
इसके अलावा किसान मजदूर इंटर कॉलेज जसोई, जीआईसी कन्या इंटर कॉलेज सिसौली, एसडी इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज दधेडू और भारत इंटर कॉलेज नंगला मंदौड़ के प्रधानाचार्यों को भी जवाब देने के लिए तलब किया गया है.