☰
×

UP Board Exam 2027: 10वीं-12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर, जारी हुई 75 जिलों की परीक्षा केंद्र सूची; 21 नवंबर तक मौका

 

उत्तर प्रदेश में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों की प्रस्तावित परीक्षा केंद्र आवंटन सूची जारी कर दी है। अब छात्र, अभिभावक और स्कूल प्रबंधन यह पता लगा सकते हैं कि उनके विद्यालय के विद्यार्थियों को किस परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देनी होगी।

बोर्ड की ओर से जारी यह सूची फिलहाल अस्थायी (प्रोविजनल) है। यदि किसी छात्र, अभिभावक या विद्यालय प्रबंधन को आवंटित केंद्र की दूरी, उपलब्ध सुविधाओं या छात्र आवंटन को लेकर कोई आपत्ति है तो वह 21 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकता है।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति ने दी मंजूरी

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की गई है।

बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों का निर्धारण शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत ऑनलाइन प्रक्रिया से किया है। इसके लिए 1 जुलाई 2026 को शासनादेश संख्या 1381374, 18 अगस्त 2026 को संशोधित शासनादेश संख्या 1812 और 25 सितंबर 2026 को शासनादेश संख्या 2190 जारी किए गए थे।

21 नवंबर तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति

बोर्ड ने परीक्षा केंद्र आवंटन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा दी है। इसके तहत छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और विद्यालय प्रबंधन आवंटित केंद्र से संबंधित समस्याओं को निर्धारित समय सीमा में उठा सकते हैं।

आपत्ति दर्ज कराने के लिए इन नियमों का पालन करना होगा:

  • आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 21 नवंबर 2026 है।
  • शिकायत के समर्थन में उचित कारण और जरूरी दस्तावेज देना अनिवार्य होगा।
  • बिना प्रमाण के भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
  • आपत्ति संबंधित विद्यालय की आईडी से यूपी बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन भेजनी होगी।
  • अंतिम तारीख के बाद प्राप्त होने वाली शिकायतों पर विचार नहीं किया जाएगा।

जिला स्तरीय समिति सभी आपत्तियों की जांच करेगी। शिकायतों के निस्तारण के बाद ही परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

ऐसे डाउनलोड करें 75 जिलों की परीक्षा केंद्र सूची

अगर आप भी यूपी बोर्ड की 10वीं या 12वीं परीक्षा 2027 में शामिल होने जा रहे हैं तो नीचे दिए गए आसान स्टेप्स की मदद से अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

  1. सबसे पहले यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://upmsp.edu.in पर जाएं।
  2. वेबसाइट के होम पेज पर लेटेस्ट अपडेट या परीक्षा वर्ष 2027 से संबंधित सेक्शन खोलें।
  3. यहां प्रस्तावित परीक्षा केंद्र आवंटन सूची के लिंक पर क्लिक करें।
  4. इसके बाद प्रदेश के सभी 75 जिलों की सूची दिखाई देगी।
  5. अपने जिले के सामने दिए गए लिंक पर क्लिक करके संबंधित PDF डाउनलोड करें।
  6. PDF खोलने के बाद Ctrl+F दबाएं और अपने विद्यालय का नाम या स्कूल कोड दर्ज करें।
  7. इसके बाद आपको अपने विद्यालय को आवंटित परीक्षा केंद्र की जानकारी मिल जाएगी।

परीक्षा केंद्रों पर CCTV और वेबकास्टिंग अनिवार्य

यूपी बोर्ड ने आगामी परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सभी केंद्रों पर वॉयस रिकॉर्डर युक्त CCTV कैमरे, DVR, राउटर और वेबकास्टिंग की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।

बोर्ड ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपने विद्यालय का आवंटित परीक्षा केंद्र जरूर चेक कर लें। यदि केंद्र की दूरी, सुविधाओं या अन्य किसी व्यवस्था को लेकर परेशानी है तो 21 नवंबर 2026 से पहले संबंधित विद्यालय के माध्यम से ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराएं।

प्रस्तावित सूची पर आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद बोर्ड की ओर से अंतिम परीक्षा केंद्र सूची जारी की जाएगी।