UGC NET June 2026: आंसर-की पर ऑब्जेक्शन विंडो ओपन, 13 सितंबर तक दर्ज करें आपत्ति
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC NET जून 2026 री-एग्जाम की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। यह आंसर की इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के लिए जारी की गई है। उम्मीदवार आंसर की के साथ अपना रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स भी चेक कर सकते हैं।अगर किसी उम्मीदवार को किसी प्रश्न या उसके उत्तर पर आपत्ति है, तो वह निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन चैलेंज कर सकता है। उम्मीदवार प्रोविजनल आंसर की और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स ugcnet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं।
9 और 10 सितंबर को हुआ था री-एग्जाम
UGC NET जून 2026 का री-एग्जाम इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों के लिए 9 और 10 सितंबर 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित किया गया था।
NTA ने प्रश्नपत्रों को लेकर मिली शिकायतों की समीक्षा के बाद इन तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा आयोजित करने का फैसला लिया था। विशेषज्ञ समिति की जांच में प्रश्नपत्रों में टाइपिंग और अनुवाद से जुड़ी गलतियां, कुछ नामों का छूट जाना, किताबों के नाम में गड़बड़ी और प्रश्नों की भाषा से संबंधित समस्याएं सामने आई थीं।
13 सितंबर तक कर सकते हैं आंसर की पर आपत्ति
उम्मीदवार प्रोविजनल आंसर की में दिए गए किसी उत्तर से असंतुष्ट हैं तो उस प्रश्न को ऑनलाइन चैलेंज कर सकते हैं। इसके लिए प्रति प्रश्न 200 रुपये की प्रोसेसिंग फीस देनी होगी।
आपत्ति दर्ज कराने और शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 13 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक है। निर्धारित समय के बाद किसी भी आपत्ति को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ऐसे दर्ज करें आपत्ति
- सबसे पहले UGC NET की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं।
- जून 2026 प्रोविजनल आंसर की से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
- एप्लीकेशन नंबर और जन्म तिथि या पासवर्ड के जरिए लॉगिन करें।
- स्क्रीन पर प्रोविजनल आंसर की, प्रश्नपत्र और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स दिखाई देगा।
- जिस प्रश्न पर आपत्ति है, उसे चुनकर संबंधित आपत्ति दर्ज करें।
- जरूरत होने पर सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट या प्रमाण भी अपलोड करें।
- प्रति प्रश्न 200 रुपये की फीस ऑनलाइन जमा करें।
- आपत्ति सबमिट करने के बाद कंफर्मेशन पेज और पेमेंट रसीद डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।
एक्सपर्ट कमेटी करेगी आपत्तियों की जांच
उम्मीदवारों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों की जांच विशेषज्ञ समिति करेगी। यदि किसी आपत्ति को सही पाया जाता है, तो प्रोविजनल आंसर की में जरूरी बदलाव किया जाएगा।
इसके बाद उस प्रश्न के संबंध में सभी उम्मीदवारों के लिए आंसर की को संशोधित किया जाएगा। ऐसी स्थिति में दूसरे उम्मीदवारों को उसी प्रश्न पर अलग से आपत्ति दर्ज कराने की जरूरत नहीं होगी।
NTA के अनुसार, स्वीकार की गई आपत्ति के लिए जमा की गई 200 रुपये की फीस वापस कर दी जाएगी। अंतिम आंसर की के आधार पर ही UGC NET का रिजल्ट तैयार किया जाएगा।