☰
×

UGC NET City Slip 2026: दिसंबर परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी, 9.75 लाख अभ्यर्थियों ने कराया रजिस्ट्रेशन

 

यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अहम खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर दी है। इसके जरिए अभ्यर्थी पहले से जान सकते हैं कि उनकी परीक्षा किस शहर में आयोजित की जाएगी। पहले यह स्लिप 23 नवंबर को जारी होने वाली थी।

इस बार दिसंबर सत्र की परीक्षा के लिए कुल 9,75,505 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। परीक्षा देशभर में 87 विषयों के लिए आयोजित की जाएगी। जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर पद की पात्रता और पीएचडी में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली यह परीक्षा 14, 15, 16, 17, 18 और 21 दिसंबर 2026 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी।

रजिस्टर्ड उम्मीदवार एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर अपनी एग्जाम सिटी स्लिप देख और डाउनलोड कर सकते हैं।

ऐसे डाउनलोड करें एग्जाम सिटी स्लिप

  1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं।
  2. होम पेज पर दिए गए कैंडिडेट एक्टिविटी सेक्शन को खोलें।
  3. UGC NET December 2026 City Intimation Slip के लिंक पर क्लिक करें।
  4. अपना एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करके लॉगिन करें।
  5. स्क्रीन पर आपकी परीक्षा के लिए आवंटित शहर की जानकारी दिखाई देगी।
  6. स्लिप डाउनलोड करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंट या डिजिटल कॉपी सुरक्षित रखें।

7 दिसंबर को जारी हो सकता है एडमिट कार्ड

एनटीए के सूचना बुलेटिन के अनुसार, यूजीसी नेट दिसंबर 2026 का एडमिट कार्ड 7 दिसंबर को ऑनलाइन जारी किया जा सकता है। उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि एग्जाम सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड अलग-अलग दस्तावेज हैं।

सिटी स्लिप का उद्देश्य केवल परीक्षा शहर की पहले से जानकारी देना है। इसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। परीक्षा वाले दिन अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड साथ ले जाना अनिवार्य होगा।

तीन घंटे की होगी परीक्षा, नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग

यूजीसी नेट परीक्षा कुल तीन घंटे की होगी। इसमें पेपर-1 और पेपर-2 के बीच कोई ब्रेक नहीं दिया जाएगा। दोनों पेपर में ऑब्जेक्टिव टाइप मल्टीपल चॉइस प्रश्न पूछे जाएंगे। भाषा विषयों को छोड़कर प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध होगा।

परीक्षा का पैटर्न इस प्रकार रहेगा:

पेपर

प्रश्नों की संख्या

कुल अंक

पेपर-1

50

100

पेपर-2

100

200

कुल

150

300

हर सही जवाब के लिए दो अंक मिलेंगे। गलत उत्तर देने पर कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। जिन प्रश्नों का उत्तर दिया गया है, उनका मूल्यांकन किया जाएगा। बिना उत्तर छोड़े गए प्रश्नों के लिए अंक नहीं मिलेंगे।

एक से ज्यादा सही जवाब होने पर भी मिलेंगे अंक

एनटीए के सूचना बुलेटिन के मुताबिक, हर प्रश्न का एक ही सही उत्तर रखने की पूरी कोशिश की जाएगी। हालांकि, यदि किसी प्रश्न के एक से ज्यादा विकल्प सही पाए जाते हैं, तो सही विकल्पों में से किसी एक को चुनने वाले उम्मीदवारों को दो अंक दिए जाएंगे।

यदि किसी प्रश्न के सभी विकल्प सही पाए जाते हैं या प्रश्न गलत घोषित किया जाता है, तो उस प्रश्न का उत्तर देने वाले सभी अभ्यर्थियों को दो अंक मिलेंगे।