SSC New Rule: Exam Hall में कंप्यूटर को छुआ तो फंसेंगे! Restart, Shutdown और System बदलने पर लगा प्रतिबंध
कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षाओं को लेकर उम्मीदवारों और परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है। आयोग ने परीक्षा के दौरान कंप्यूटर सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर कुछ गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगा दी है।
नई गाइडलाइन के मुताबिक अब उम्मीदवार या परीक्षा कर्मचारी अपनी मर्जी से परीक्षा में इस्तेमाल हो रहे कंप्यूटर को Restart, Shutdown या Replace नहीं कर सकेंगे। अगर सिस्टम में किसी तरह की तकनीकी समस्या आती है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत अधिकृत परीक्षा स्टाफ की मदद लेनी होगी।
कंप्यूटर से खुद छेड़छाड़ करने की अनुमति नहीं
SSC के मुताबिक हाल की कुछ परीक्षाओं के दौरान ऐसे मामले सामने आए, जिनमें बिना किसी स्पष्ट तकनीकी समस्या के उम्मीदवारों ने खुद या परीक्षा कर्मचारियों के साथ मिलकर कंप्यूटर सिस्टम को Restart करने, बदलने या उसमें हस्तक्षेप करने की कोशिश की।
आयोग ने माना कि इस तरह की गतिविधियां परीक्षा की व्यवस्था और उसकी निष्पक्षता पर असर डाल सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कंप्यूटर सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर यह एडवाइजरी जारी की गई है।
अब परीक्षा के दौरान उम्मीदवार अपने स्तर पर कंप्यूटर को Restart या Shutdown नहीं कर पाएंगे। इसी तरह कंप्यूटर या मॉनिटर बदलने का फैसला भी उम्मीदवार या सामान्य परीक्षा कर्मचारी अपनी तरफ से नहीं ले सकेंगे।
परीक्षा के दौरान कंप्यूटर में दिक्कत आए तो क्या करें?
अगर परीक्षा शुरू होने से पहले या परीक्षा के दौरान कंप्यूटर में कोई तकनीकी परेशानी आती है, तो उम्मीदवार को खुद सिस्टम ठीक करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
ऐसी स्थिति में तुरंत इनविजिलेटर या परीक्षा केंद्र के स्टाफ को समस्या की जानकारी देनी होगी। इसके बाद अधिकृत कर्मचारी तकनीकी दिक्कत की जांच करेंगे और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जरूरत पड़ने पर सिस्टम को Restart करने, कंप्यूटर या मॉनिटर बदलने जैसे कदम अधिकृत परीक्षा अधिकारियों की अनुमति के बाद ही उठाए जाएंगे। यानी उम्मीदवार को किसी भी स्थिति में कंप्यूटर के हार्डवेयर या सिस्टम सेटिंग्स के साथ खुद छेड़छाड़ नहीं करनी होगी।
अधिकृत स्टाफ की अनुमति के बाद ही होगा बदलाव
SSC की नई व्यवस्था के तहत कंप्यूटर सिस्टम से जुड़े जरूरी बदलाव केवल अधिकृत परीक्षा कर्मचारियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किए जाएंगे।
किसी तकनीकी समस्या की स्थिति में क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकृत प्रतिनिधि, इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर या सेंटर कोऑर्डिनेटर से आवश्यक अनुमति लेने के बाद ही संबंधित कार्रवाई की जा सकेगी।
इसका मकसद परीक्षा के दौरान कंप्यूटर सिस्टम की सुरक्षा बनाए रखना और किसी भी तरह की अनधिकृत गतिविधि की संभावना को कम करना है।
नियम तोड़ा तो हो सकती है कार्रवाई
आयोग ने साफ किया है कि अगर कोई उम्मीदवार या परीक्षा कर्मचारी बिना अनुमति कंप्यूटर सिस्टम या परीक्षा से जुड़े उपकरणों के साथ छेड़छाड़ करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
ऐसे मामलों में संबंधित परीक्षा के नियमों और उस परीक्षा के आधिकारिक नोटिस में दिए गए प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
उम्मीदवार इन बातों का रखें ध्यान
SSC की कंप्यूटर आधारित परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि वे परीक्षा के दौरान कंप्यूटर को खुद से Restart या Shutdown न करें। अगर स्क्रीन फ्रीज हो जाए, सिस्टम में तकनीकी समस्या आए या कंप्यूटर ठीक से काम न करे, तो तुरंत परीक्षा स्टाफ को इसकी जानकारी दें।
उम्मीदवारों को सिस्टम की समस्या को खुद ठीक करने, किसी दूसरे कंप्यूटर पर जाने या मॉनिटर बदलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकृत कर्मचारी ही ऐसी स्थिति में जरूरी कदम उठाएंगे।
SSC ने उम्मीदवारों और परीक्षा कर्मचारियों से परीक्षा में इस्तेमाल होने वाले कंप्यूटर सिस्टम और अन्य उपकरणों के साथ अनावश्यक छेड़छाड़ से बचने की अपील की है। आयोग का कहना है कि इन नियमों का पालन परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित, व्यवस्थित और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए जरूरी है।