रील्स छोड़िए, किताबें पढ़िए और कमाइए पैसे! स्मार्टफोन की लत खत्म करने के लिए सरकार का मास्टरस्ट्रोक
अगर कोई आपसे कहे कि रोजाना सिर्फ 15 मिनट किताब पढ़ने से पैसे कमाए जा सकते हैं, तो शायद आपको यकीन न हो। लेकिन सिंगापुर में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के लिए ऐसी ही एक अनोखी पहल शुरू की गई है।सिंगापुर सरकार का मकसद लोगों को स्मार्टफोन, रील्स और शॉर्ट वीडियो से कुछ समय दूर करके दोबारा किताबों और लंबे कंटेंट की ओर लाना है। इसी उद्देश्य से ReadSG नाम का एक पांच साल का नेशनल कैंपेन शुरू किया गया है।
क्या है ReadSG योजना?
सिंगापुर के National Library Board यानी NLB ने ReadSG अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत लोगों को रोजाना कम से कम 15 मिनट तक किताब या लंबा आर्टिकल पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि डिजिटल कंटेंट और शॉर्ट वीडियो के बढ़ते चलन के बीच लोगों की पढ़ने की आदत प्रभावित हो रही है। ऐसे में लंबा पढ़ने की आदत को बढ़ावा देकर फोकस, समझ और सोचने की क्षमता को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।
15 मिनट पढ़ने पर मिलेंगे वर्चुअल कॉइन
योजना में हिस्सा लेने वाले लोगों को हर दिन कम से कम 15 मिनट पढ़ना होगा। इसके बाद उन्हें अपनी रीडिंग का समय सरकारी वेबसाइट पर दर्ज करना होगा।
हर सफल 15 मिनट के रीडिंग सेशन पर 20 वर्चुअल कॉइन दिए जाएंगे। हालांकि, एक दिन में सिर्फ एक रीडिंग सेशन ही दर्ज किया जा सकेगा।
50 दिन पढ़ने पर मिलेगा 1 सिंगापुर डॉलर
अब सबसे दिलचस्प बात पैसों की है। इस योजना के तहत 1,000 वर्चुअल कॉइन की वैल्यू 1 सिंगापुर डॉलर रखी गई है।
यानी रोजाना 15 मिनट पढ़ने पर 20 कॉइन मिलेंगे और इस हिसाब से करीब 50 दिनों तक रोज 15 मिनट पढ़ने पर 1,000 कॉइन पूरे होंगे, जिन्हें 1 सिंगापुर डॉलर के रिवॉर्ड में बदला जा सकेगा।
हालांकि, यह रकम बड़ी कमाई के लिए नहीं बल्कि लोगों को पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए एक प्रोत्साहन के तौर पर रखी गई है।
सरकार क्यों बढ़ावा दे रही है लंबी रीडिंग को?
NLB की CEO Melissa Tam के मुताबिक, शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट लोगों को जल्दी जानकारी हासिल करने में मदद करता है, लेकिन लंबे समय तक पढ़ना ध्यान केंद्रित करने, क्रिटिकल थिंकिंग और कल्पनाशक्ति को विकसित करने में अहम भूमिका निभाता है।
इस अभियान का उद्देश्य ऐसे पाठकों का समाज तैयार करना है, जो ज्यादा जिज्ञासु हों, जानकारी को गहराई से समझें और तेजी से बदलती दुनिया को बेहतर तरीके से समझने की क्षमता विकसित कर सकें।
क्या कहती है सिंगापुर की रिसर्च?
सिंगापुर की 2024 National Reading Habits Study में पढ़ने की आदतों में बदलाव की ओर भी इशारा किया गया है। अध्ययन के मुताबिक लोग ऐसे डिजिटल कंटेंट की तरफ तेजी से आकर्षित हो रहे हैं, जिसे कुछ सेकंड या कुछ मिनट में देखा जा सके।
वहीं, लंबी किताबों और लंबे लेखों को पढ़ने का चलन इसके मुकाबले कम होता दिखाई दे रहा है।
यही वजह है कि सिंगापुर सरकार ReadSG जैसे अभियान के जरिए लोगों को रोजाना कुछ समय शॉर्ट वीडियो से हटकर किताबों और लंबे कंटेंट को देने के लिए प्रेरित कर रही है।