PSEB Board Exam 2027: 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के फॉर्म की तारीखें जारी, 26 नवंबर तक मिलेगा मौका
पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड (PSEB) ने वर्ष 2027 में होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड ने नियमित विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म भरने और फीस जमा करने के लिए अलग-अलग समय सीमाएं घोषित की हैं। दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी-मार्च 2027 में आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड के निर्देश के मुताबिक संबंधित स्कूल और संस्थान अपनी लॉगिन आईडी के जरिए परीक्षा से जुड़ी जानकारी और दिशा-निर्देश देख सकते हैं। विद्यार्थियों के फॉर्म और फीस की प्रक्रिया पूरी कराने की जिम्मेदारी स्कूलों को दी गई है।
बिना लेट फीस 23 अक्टूबर तक भरें फॉर्म
PSEB की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार विद्यार्थी बिना किसी लेट फीस के 23 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरकर फीस जमा कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन करने पर निर्धारित लेट फीस का भुगतान करना होगा।
लेट फीस के साथ आवेदन की अंतिम तारीखें इस प्रकार हैं:
• 500 रुपये लेट फीस: 31 अक्टूबर 2026 तक
• 1000 रुपये लेट फीस: 10 नवंबर 2026 तक
• 1500 रुपये लेट फीस: 18 नवंबर 2026 तक
• 2000 रुपये लेट फीस: 26 नवंबर 2026 तक
बोर्ड ने चालान और बैंक के माध्यम से फीस जमा करने के लिए भी अलग-अलग तारीखें निर्धारित की हैं। स्कूलों को संबंधित समय सीमा के भीतर पूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
10वीं और 12वीं की परीक्षा फीस
PSEB ने 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा फीस भी निर्धारित कर दी है। कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को 2000 रुपये, जबकि कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को 2450 रुपये परीक्षा फीस देनी होगी।
अगर कोई विद्यार्थी अतिरिक्त विषय लेता है तो उसे प्रत्येक अतिरिक्त विषय के लिए 550 रुपये अलग से जमा करने होंगे। बोर्ड के अनुसार निर्धारित परीक्षा फीस में हार्ड कॉपी और डिजिटाइज्ड सॉफ्ट कॉपी से संबंधित शुल्क भी शामिल है।
स्कूलों पर रहेगी फॉर्म भरवाने की जिम्मेदारी
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म सही तरीके से भरवाने और समय पर फीस जमा कराने की जिम्मेदारी संबंधित स्कूल और शिक्षण संस्थानों की होगी। स्कूल प्रमुखों को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी पात्र विद्यार्थियों की परीक्षा संबंधी औपचारिकताएं तय समय पर पूरी हो जाएं।
समय सीमा का पालन नहीं होने या प्रक्रिया में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित स्कूल प्रमुख जिम्मेदार होंगे। मान्यता प्राप्त संस्थानों के खिलाफ बोर्ड के नियमों और एफिलिएशन रेगुलेशन के तहत कार्रवाई भी की जा सकती है।
सरकारी स्कूलों के लिए भी निर्देश
सरकारी स्कूलों को भी बोर्ड की निर्धारित समय सीमा का पालन करना होगा। यदि कोई सरकारी स्कूल परीक्षा से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं करता है, तो इसकी जानकारी संबंधित प्राथमिक या माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक को भेजी जा सकती है।
इसके बाद लागू नियमों के अनुसार संबंधित प्रिंसिपल या हेड टीचर के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में स्कूलों को सलाह दी गई है कि वे विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म और फीस जमा करने की प्रक्रिया निर्धारित तारीखों के भीतर पूरी कर लें।