NEET UG Exam: ऑनलाइन परीक्षा की तैयारी, देशभर में CBT इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की योजना
NEET UG परीक्षा के आयोजन को लेकर शिक्षा मंत्रालय परीक्षा के तरीके में बदलाव की तैयारी कर रहा है। फिलहाल नीट यूजी परीक्षा पेन-पेपर मोड में आयोजित की जाती है, लेकिन इसे भविष्य में कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में कराने की संभावनाओं पर काम चल रहा है। इसके लिए देशभर में जरूरी परीक्षा केंद्रों और तकनीकी सुविधाओं का ढांचा तैयार करने की रणनीति बनाई जा रही है।
हालांकि, नीट यूजी को ऑनलाइन मोड में कराने को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। केंद्र सरकार नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता वाली हाई लेवल टास्क फोर्स की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। परीक्षा सुधारों को लेकर टास्क फोर्स की सिफारिश मिलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
केवल NEET तक सीमित नहीं है योजना
शिक्षा मंत्रालय की योजना सिर्फ नीट यूजी परीक्षा को ऑनलाइन करने तक सीमित नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय स्तर पर ऐसा CBT इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की रणनीति पर काम हो रहा है, जिसका इस्तेमाल अलग-अलग प्रवेश और प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन में किया जा सके।
इसका एक उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता के अंतर को कम करना भी है। इसके अलावा कंप्यूटर सिस्टम, डेटा सुरक्षा और अन्य तकनीकी सुविधाओं के लिए परीक्षा केंद्रों पर समान मानक विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है।
JEE और CUET पहले से कंप्यूटर आधारित
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कई प्रमुख परीक्षाएं पहले से ही कंप्यूटर बेस्ड मोड में आयोजित की जाती हैं। इनमें JEE Main, CUET UG, CUET PG, UGC NET और CSIR-UGC NET जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।
मंत्रालय की योजना पर्याप्त तकनीकी ढांचा तैयार होने के बाद अन्य परीक्षाओं को भी ऑनलाइन माध्यम में आयोजित करने की दिशा में आगे बढ़ने की है।
परीक्षा में गड़बड़ियों के बाद बढ़ा सुधारों पर जोर
NEET को CBT मोड में कराने की चर्चा पहले भी होती रही है। परीक्षा व्यवस्था में सामने आई गड़बड़ियों के बाद सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली तैयार करने पर सरकार का ध्यान और बढ़ा है।
परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए केंद्र सरकार ने नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में हाई लेवल टास्क फोर्स गठित की थी। इसका उद्देश्य सार्वजनिक परीक्षाओं की व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव देना और परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाने के उपायों पर विचार करना है। टास्क फोर्स की रिपोर्ट आने के बाद ही परीक्षा के तरीके में बदलाव को लेकर तस्वीर स्पष्ट होगी।
ग्रामीण छात्रों की सुविधा भी होगी अहम
NEET UG को ऑनलाइन करने की योजना में ग्रामीण क्षेत्रों और कम कनेक्टिविटी वाले जिलों के उम्मीदवारों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। परीक्षा केंद्रों की पर्याप्त उपलब्धता के साथ कंप्यूटर और इंटरनेट जैसी तकनीकी सुविधाओं को सुनिश्चित करना भी चुनौतीपूर्ण पहलू है।
अधिकारियों के स्तर पर पेन-पेपर परीक्षा से CBT मोड में बदलाव के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर, परीक्षा केंद्रों की संख्या और प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से लागू करने जैसे मुद्दों पर विचार किया जा रहा है। अंतिम फैसला टास्क फोर्स की सिफारिशों और तैयारियों की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।