×

NEET UG 2026: MBBS सीटों में बड़ा इजाफा, अब देशभर में 1.40 लाख से ज्यादा सीटें; जानें राज्यवार आंकड़े
 

 

NEET UG 2026 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए मेडिकल एडमिशन को लेकर अहम अपडेट सामने आया है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने 2026-27 अकादमिक ईयर के लिए MBBS सीट मैट्रिक्स को संशोधित किया है। नए आंकड़ों के मुताबिक, इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपोर्टेंस की सीटों को छोड़कर देशभर में MBBS की कुल 1,40,214 सीटें हो गई हैं।
इससे पहले जुलाई में जारी सीट मैट्रिक्स में कुल 1,36,939 MBBS सीटें थीं। संशोधन के बाद सीटों की संख्या में बड़ा बदलाव हुआ है। नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिलने और मौजूदा संस्थानों में सीटें बढ़ाए जाने के कारण यह इजाफा हुआ है।


सरकारी और प्राइवेट कॉलेजों में कितनी सीटें?
नए सीट मैट्रिक्स के अनुसार देश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अब MBBS की 63,971 सीटें हैं। ये सीटें 445 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध हैं।
वहीं प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में MBBS की 76,243 सीटें हैं। ये सीटें 391 निजी मेडिकल संस्थानों में उपलब्ध हैं।
जुलाई के आंकड़ों की तुलना करें तो सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 2,786 और प्राइवेट कॉलेजों में 10,400 सीटों की बढ़ोतरी हुई है।
इसके साथ ही देश में मेडिकल कॉलेजों की कुल संख्या बढ़कर 836 हो गई है। इस साल 38 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिलने के बाद सीटों में भी इजाफा हुआ है।


किन राज्यों में सबसे ज्यादा MBBS सीटें?
सितंबर 2026 के संशोधित आंकड़ों में कर्नाटक MBBS सीटों के मामले में सबसे आगे है। राज्य में कुल 15,745 MBBS सीटें हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 14,400 और तमिलनाडु में 14,299 सीटें हैं।
अन्य प्रमुख राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में 13,249, तेलंगाना में 10,450 और राजस्थान में 8,280 MBBS सीटें हैं।
बिहार समेत इन राज्यों में बढ़ीं सीटें
नए सीट मैट्रिक्स में बिहार के मेडिकल कॉलेजों को भी फायदा हुआ है। राज्य में सरकारी मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। दो नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिली है, जिनमें श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज, समस्तीपुर और राजकीय मेडिकल कॉलेज, छपरा सारण शामिल हैं। दोनों संस्थानों में 50-50 MBBS सीटें हैं।


बिहार में सरकारी MBBS सीटों की संख्या भी 290 बढ़कर 1,810 हो गई है। पहले राज्य में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 1,520 सीटें थीं।
आंध्र प्रदेश में 19 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 275 सीटों की बढ़ोतरी हुई है। यहां सरकारी MBBS सीटें 3,290 से बढ़कर 3,565 हो गई हैं। वहीं असम में 16 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 100 सीटें बढ़ाई गई हैं, जिसके बाद राज्य में सरकारी MBBS सीटों की संख्या 1,875 से बढ़कर 1,975 हो गई है।


NEET UG काउंसलिंग में क्यों अहम है नया सीट मैट्रिक्स?
NMC का संशोधित सीट मैट्रिक्स NEET UG 2026 की काउंसलिंग के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उम्मीदवारों को कॉलेज और कोर्स की चॉइस भरते समय नए सीट मैट्रिक्स में उपलब्ध सीटों की जानकारी जरूर देखनी होगी।
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) और संबंधित राज्य काउंसलिंग समितियों को भी एडमिशन प्रक्रिया के दौरान NMC से स्वीकृत सीटों को ही आधार बनाना होगा।
NMC ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मेडिकल कॉलेज में स्वीकृत सीटों की संख्या से ज्यादा छात्रों को दाखिला नहीं दिया जा सकता। तय संख्या से अधिक एडमिशन होने पर इसे NMC Act, 2019 के प्रावधानों का उल्लंघन माना जाएगा।
इसलिए NEET UG 2026 काउंसलिंग में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए संशोधित सीट मैट्रिक्स को ध्यान से देखना जरूरी है, क्योंकि सीटों में हुए बदलाव का सीधा असर कॉलेज चॉइस और एडमिशन के अवसरों पर पड़ सकता है।