NCERT New Books 2027: दिसंबर तक जारी होंगी 10वीं की नई किताबें, जानें कौन-कौन से विषय होंगे शामिल
नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए नई पाठ्यपुस्तकें जारी करने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एनसीईआरटी दिसंबर 2026 तक 10वीं कक्षा की नई किताबें उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है। इन किताबों को शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए तैयार किया जा रहा है। खास बात यह है कि नए सत्र की शुरुआत से करीब तीन महीने पहले ही छात्रों को बदली हुई किताबें मिल सकती हैं, जिससे उन्हें नए सिलेबस की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।
एनसीईआरटी के डायरेक्टर दिनेश प्रसाद सकलानी के मुताबिक, कक्षा 10वीं के सभी विषयों का सिलेबस 15 नवंबर 2026 तक केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) को भेज दिया जाएगा। इसके बाद अपडेटेड सिलेबस एनसीईआरटी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।
10वीं की नई किताबों में शामिल होंगे ये विषय
एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकों में कक्षा 10वीं के सभी प्रमुख विषयों को शामिल किया जाएगा। इनमें भाषा, विज्ञान, गणित के साथ अन्य विषय भी होंगे।
नई किताबों में शामिल विषय इस प्रकार हैं:
- अंग्रेजी और उर्दू
- हिंदी और संस्कृत
- गणित
- विज्ञान
- सामाजिक विज्ञान
- स्किल एजुकेशन
- आर्ट एजुकेशन
- फिजिकल एजुकेशन
रिपोर्ट्स के अनुसार, भाषा से जुड़ी किताबें 20 नवंबर 2026 तक जारी की जा सकती हैं, जबकि बाकी विषयों की किताबें दिसंबर 2026 तक उपलब्ध कराने की योजना है।
छात्रों और शिक्षकों को मिलेगा ज्यादा समय
नई किताबें समय से पहले जारी होने का सबसे बड़ा फायदा छात्रों को मिलेगा। जो विद्यार्थी फिलहाल 9वीं कक्षा में पढ़ रहे हैं, वे 10वीं में जाने से पहले ही नए सिलेबस और पाठ्यक्रम में हुए बदलावों को समझ सकेंगे।
इसके अलावा शिक्षकों को भी नए कंटेंट का अध्ययन करने और बदले हुए पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई की योजना तैयार करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। इससे नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में पढ़ाई को व्यवस्थित करने में मदद मिल सकती है।
कहां से खरीद सकेंगे NCERT की नई किताबें?
किताबें जारी होने के बाद छात्र इन्हें एनसीईआरटी की आधिकारिक वेबसाइट से खरीद सकेंगे। इसके अलावा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अमेजन और फ्लिपकार्ट पर भी किताबें उपलब्ध कराने की योजना है। आर्मी पोस्टल सर्विसेज के माध्यम से भी इनकी बिक्री की जाएगी।
एनसीईआरटी का उद्देश्य किताबों को अलग-अलग माध्यमों से निर्धारित कीमतों पर उपलब्ध कराना है, ताकि बाजार में नकली और पायरेटेड किताबों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।
NEP 2020 के तहत बदल रही स्कूली शिक्षा
एनसीईआरटी की नई किताबें राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत स्कूली शिक्षा में किए जा रहे बदलावों का हिस्सा हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, शैक्षणिक सत्र 2026 के दौरान एनसीईआरटी ने 70.9 मिलियन यानी करीब 7.09 करोड़ पाठ्यपुस्तकों की बिक्री की, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा बताया गया है।
नई किताबों के समय से उपलब्ध होने से छात्रों को आगामी बोर्ड परीक्षा और नए शैक्षणिक सत्र की तैयारी करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।