☰
×

NCERT Class 9 Maths: सिलेबस में बड़े बदलाव की खबरों पर NCERT ने दी सफाई, अक्टूबर में आएगा फाइनल पाठ्यक्रम
 

 

कक्षा 9वीं के गणित के ड्राफ्ट सिलेबस को लेकर सामने आ रही चर्चाओं के बीच NCERT ने स्थिति स्पष्ट की है। परिषद ने कहा है कि गणित के किसी बड़े विषय को पूरी तरह से पाठ्यक्रम से हटाया नहीं गया है। कुछ अवधारणाओं को एक अलग अध्याय में रखने के बजाय अलग-अलग अध्यायों में शामिल किया गया है, ताकि विद्यार्थी उन्हें विभिन्न संदर्भों में समझ सकें और उनका इस्तेमाल कर सकें।
NCERT के मुताबिक अभी जारी किया गया पाठ्यक्रम अंतिम नहीं है। इसे शिक्षकों, विद्यार्थियों, लेखकों और शिक्षा विशेषज्ञों से सुझाव लेने के उद्देश्य से ड्राफ्ट के तौर पर जारी किया गया है। सुझावों पर विचार करने के बाद अंतिम सिलेबस अक्टूबर में NCERT और CBSE की ओर से जारी किए जाने की उम्मीद है।
Lines and Angles पर NCERT की सफाई
कक्षा 9वीं के ड्राफ्ट में ‘Lines and Angles’ को अलग अध्याय के तौर पर नहीं रखने पर सवाल उठाए गए थे। NCERT ने स्पष्ट किया कि अध्याय का नाम अलग से नहीं होने का अर्थ यह नहीं है कि इससे जुड़े जरूरी कॉन्सेप्ट हटा दिए गए हैं।
परिषद के अनुसार Lines and Angles से संबंधित अवधारणाओं और उनके अनुप्रयोग को कक्षा 9वीं के पार्ट-2 में ‘Prepositions and Their Conversion’ और ‘Quadrilaterals’ जैसे अध्यायों के माध्यम से शामिल किया गया है। इसके अलावा कक्षा 6 की गणित प्रकाश पुस्तक में Lines and Angles से संबंधित अध्याय पहले से मौजूद है।
Euclidean Geometry के टॉपिक्स भी शामिल
Euclidean Geometry को लेकर उठे सवालों पर भी NCERT ने स्पष्टीकरण दिया है। परिषद के अनुसार इस क्षेत्र से जुड़े Polygon, Circle, Parallel Lines और Intersecting Lines जैसे कॉन्सेप्ट को कक्षा 9वीं की किताब के अलग-अलग अध्यायों में शामिल किया गया है।
NCERT के मुताबिक ये अवधारणाएं चैप्टर 5, 6, 9, 12 और 13 में अलग-अलग संदर्भों में पढ़ाई जाएंगी। शिक्षकों और विशेषज्ञों के साथ चर्चा के बाद पारंपरिक तरीके से केवल प्रमेय और प्रमाण पर केंद्रित एक अलग अमूर्त अध्याय रखने के बजाय इन अवधारणाओं को विभिन्न अध्यायों में जोड़ने का तरीका अपनाया गया है।
इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल प्रमेय और प्रमाण याद कराने के बजाय ज्योमेट्री की अवधारणाओं को अलग-अलग परिस्थितियों में समझने और उनका इस्तेमाल करने का अवसर देना है।


Class 9 Maths में Algorithms क्यों जोड़े गए?
ड्राफ्ट सिलेबस में Algorithms को शामिल किए जाने पर भी चर्चा हुई। NCERT ने बताया कि इसका संबंध कंप्यूटेशनल थिंकिंग और तेजी से विकसित हो रही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से है।
परिषद के अनुसार आज विद्यार्थियों के लिए Algorithms, Data Structures और Running Time Efficiency जैसी अवधारणाओं की बुनियादी समझ महत्वपूर्ण होती जा रही है। NEP 2020 में भी Computational Thinking पर जोर दिया गया है।
NCERT ने यह भी बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर एक अलग मॉड्यूल तैयार किया जा रहा है। हालांकि AI के पीछे काम करने वाली गणितीय अवधारणाओं को गणित की कक्षा में समझाना भी जरूरी माना गया है। इसी संदर्भ में कक्षा 9वीं के गणित में Algorithm से जुड़ा हिस्सा शामिल किया गया है।
केवल अध्यायों की संख्या से नहीं समझें सिलेबस
NCERT ने कहा है कि नए शिक्षा ढांचे में किसी विषय के पाठ्यक्रम को सिर्फ इस आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए कि किताब में कितने अध्याय हैं। NEP 2020 और NCF-SE 2023 के तहत पाठ्यक्रम को Curricular Goals और Learning Outcomes को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।
Curricular Goals विषय के व्यापक शैक्षिक उद्देश्यों को निर्धारित करते हैं। वहीं Competencies यह बताती हैं कि विद्यार्थी पढ़ाई के बाद क्या करने में सक्षम होना चाहिए। Learning Outcomes से यह स्पष्ट होता है कि शिक्षण और मूल्यांकन की प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों से किस तरह के परिणाम अपेक्षित हैं।
इसलिए कक्षा 9वीं के गणित के ड्राफ्ट में किसी विषय का अलग अध्याय के रूप में मौजूद नहीं होना यह नहीं दर्शाता कि वह विषय पूरी तरह पाठ्यक्रम से बाहर कर दिया गया है।