Mahindra Thar Design Secret: लड़कों की पहली पसंद Thar को किया एक महिला ने डिजाइन, भारत के 2 बड़े संस्थानों से ली डिग्री
महिंद्रा की गाड़ियों का नाम आते ही Thar, Scorpio और XUV500 जैसी दमदार SUV का ख्याल आता है। इन गाड़ियों को पसंद करने वालों की संख्या लाखों में है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इनकी डिजाइनिंग के पीछे एक महिला की भी अहम भूमिका रही है? हम बात कर रहे हैं रामकृपा अनंतन की, जिन्होंने भारतीय ऑटोमोबाइल डिजाइन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। अपने हुनर और नेतृत्व के दम पर उन्होंने महिंद्रा की कई चर्चित गाड़ियों के डिजाइन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
गाड़ियों के इंटीरियर डिजाइन से शुरू हुआ करियर
रामकृपा अनंतन ने अपने करियर की शुरुआत ऑटोमोबाइल डिजाइन के क्षेत्र में की। शुरुआती दौर में उनका काम गाड़ियों के इंटीरियर और उनके इस्तेमाल से जुड़े डिजाइन पहलुओं पर केंद्रित था। समय के साथ उनका अनुभव बढ़ता गया और उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां मिलने लगीं।धीरे-धीरे वह महिंद्रा की डिजाइन टीम का नेतृत्व करने वाले प्रमुख लोगों में शामिल हो गईं। बाद में उन्होंने कंपनी के ऑटो और फार्म इक्विपमेंट सेक्टर में चीफ ऑफ डिजाइन की जिम्मेदारी भी संभाली।
Mahindra Thar को नया रूप देने में रही अहम भूमिका
रामकृपा अनंतन के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में साल 2020 में लॉन्च हुई नई पीढ़ी की Mahindra Thar का डिजाइन भी शामिल है। उस समय वह कंपनी के ऑटो सेक्टर में चीफ डिजाइनर के पद पर थीं।उनकी अगुवाई में महिंद्रा की इन-हाउस डिजाइन टीम ने नई Thar को आधुनिक लुक देने पर काम किया। इस दौरान गाड़ी की पुरानी पहचान और दमदार अंदाज को बरकरार रखते हुए उसमें नए जमाने की जरूरतों के मुताबिक बदलाव किए गए।रामकृपा ने BITS के एलुमनाई न्यूजलेटर में बताया था कि Thar के शुरुआती डिजाइन से लेकर अंतिम रूप तक कई बदलाव किए गए थे। चुनौती यह थी कि गाड़ी की पहचान बनी रहे और नए ग्राहकों को भी उसका डिजाइन पसंद आए।
Scorpio और XUV500 के डिजाइन से भी जुड़ा नाम
रामकृपा अनंतन का योगदान केवल Mahindra Thar तक सीमित नहीं रहा। वह Scorpio (2002) और XUV500 (2011) जैसी लोकप्रिय गाड़ियों के कॉन्सेप्ट तैयार करने से भी जुड़ी रही हैं।इन गाड़ियों ने भारतीय SUV बाजार में महिंद्रा की पहचान को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। उनके डिजाइन और उपयोगिता ने ग्राहकों के बीच इन्हें लोकप्रिय बनाया।
BITS ने Distinguished Alumnus Award से किया सम्मानित
ऑटोमोबाइल डिजाइन के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए BITS ने साल 2021 में रामकृपा अनंतन को Distinguished Alumnus Award के कॉरपोरेट लीडरशिप वर्ग में सम्मानित किया।उनकी उपलब्धियां दिखाती हैं कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद करियर के रास्ते केवल पारंपरिक तकनीकी नौकरियों तक सीमित नहीं होते। सही सोच, रचनात्मकता और मेहनत के दम पर किसी भी क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका हासिल की जा सकती है।रामकृपा अनंतन की कहानी उन युवाओं और खासकर महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो ऑटोमोबाइल और डिजाइन जैसे क्षेत्रों में अपना करियर बनाना चाहते हैं। उन्होंने अपने काम से साबित किया है कि गाड़ियों की दुनिया में भी महिलाएं बड़े बदलाव की अगुवाई कर सकती हैं।