☰
×

JSSC Teacher Recruitment 2026: झारखंड में 7299 शिक्षक पदों पर भर्ती, आवेदन की आखिरी तारीख 18 अक्टूबर
 

 

JSSC Teacher Recruitment 2026: झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए भर्ती का बड़ा मौका है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड प्रशिक्षित सहायक शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2026 के तहत 7299 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऑनलाइन आवेदन 29 सितंबर 2026 से शुरू हो चुके हैं और इच्छुक उम्मीदवार 18 अक्टूबर 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती में कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 तक के लिए प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। कुल रिक्तियों में नियमित और बैकलॉग दोनों पद शामिल हैं।
7299 पदों का कैटेगरी वाइज विवरण
JSSC की इस भर्ती में अलग-अलग विषयों और स्तरों के पद शामिल किए गए हैं। इनमें इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक के कक्षा 1 से 5 के लिए 2756 पद हैं।
वहीं कक्षा 6 से 8 के लिए ग्रेजुएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक के 1887 भाषा ज्ञान, 908 सामाजिक विज्ञान और 1748 विज्ञान एवं गणित के पद निर्धारित हैं।
इस तरह कुल 7299 पद भरे जाएंगे। इनमें 6101 नियमित और 1198 बैकलॉग रिक्तियां शामिल हैं।
कौन-कौन कर सकता है आवेदन?
कक्षा 1 से 5 के लिए उम्मीदवार के पास कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं पास होने के साथ निर्धारित शिक्षक प्रशिक्षण योग्यता होनी चाहिए। उम्मीदवार के पास दो वर्षीय डिप्लोमा या चार वर्षीय संबंधित बीएड योग्यता होनी चाहिए। इसके साथ संबंधित स्तर की JTET पात्रता भी जरूरी है।
कक्षा 6 से 8 के लिए संबंधित विषय में ग्रेजुएशन के साथ निर्धारित शिक्षक प्रशिक्षण योग्यता जैसे D.El.Ed, B.Ed या चार वर्षीय संबंधित इंटीग्रेटेड बीएड डिग्री होनी चाहिए। इस स्तर के लिए भी संबंधित JTET पात्रता आवश्यक है।
भर्ती में निर्धारित पात्रता के अनुसार झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल के तहत कार्यरत पैरा टीचर्स को भी मौका दिया गया है। ऐसे उम्मीदवारों के लिए कम से कम दो वर्ष की लगातार सेवा पूरी करना जरूरी है।

उम्र सीमा और फीस
उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 1 अगस्त 2026 को 21 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा संबंधित नियमों के अनुसार निर्धारित होगी। कार्यरत पैरा टीचर्स को नियमों के तहत आयु में छूट दी जाएगी और निर्धारित शर्तों के अनुसार उनकी अधिकतम उम्र 58 वर्ष तक हो सकती है।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, EBC-1, EBC-2 और EWS उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये शुल्क है। झारखंड के SC और ST उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 50 रुपये रखा गया है। वहीं 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले PwD उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
लिखित परीक्षा के आधार पर होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन मुख्य रूप से एक चरण की लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा OMR या CBT मोड में आयोजित की जा सकती है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
कक्षा 1 से 5 के लिए परीक्षा में मातृभाषा, चयनित क्षेत्रीय भाषा और सामान्य ज्ञान एवं करंट अफेयर्स के साथ सामाजिक विज्ञान, विज्ञान और गणित से संबंधित विषय शामिल होंगे।
कक्षा 6 से 8 के लिए परीक्षा में मातृभाषा, चयनित क्षेत्रीय भाषा, सामान्य ज्ञान एवं करंट अफेयर्स और संबंधित वैकल्पिक विषय से प्रश्न पूछे जाएंगे।
25,500 रुपये से शुरू होगी सैलरी
चयनित इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों को पे लेवल-4 के तहत 25,500 रुपये से 81,100 रुपये तक वेतन मिलेगा। वहीं ग्रेजुएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक पे लेवल-5 में आएंगे, जिनका वेतन 29,200 रुपये से 92,300 रुपये तक होगा।
JSSC Teacher Recruitment 2026 के लिए ऐसे करें आवेदन
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। यहां JTAACCE 2026 शिक्षक भर्ती का लिंक खोलकर पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा।
रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य जानकारी भरनी होगी। इसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क जमा कर फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। सभी जानकारी जांचने के बाद फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए कंफर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।