×

IIT मंडी में डायरेक्टर पद पर भर्ती, 31 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन, जानें योग्यता और सैलरी

 

IT Mandi Director Recruitment 2026: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) मंडी में डायरेक्टर पद पर नियुक्ति के लिए शिक्षा मंत्रालय ने आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस पद के लिए निर्धारित योग्यता रखने वाले उम्मीदवार तय फॉर्मेट में आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन पत्र डाक के साथ-साथ ईमेल के माध्यम से भी भेजना होगा। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, डायरेक्टर पद पर नियुक्ति सर्च-कम-सेलेक्शन कमेटी की सिफारिश के आधार पर की जाएगी। कमेटी विज्ञापन के जवाब में प्राप्त आवेदनों और नामांकन पर विचार करेगी।

IIT मंडी डायरेक्टर पद के लिए योग्यता

इस पद के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में मजबूत शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव होना चाहिए। उम्मीदवार के पास पीएचडी डिग्री और उससे पहले की डिग्री में फर्स्ट क्लास योग्यता होना जरूरी है।

इंजीनियरिंग की किसी शाखा में पीएचडी करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि, साइंस, मैथमेटिक्स या मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में डिग्री रखने वाले योग्य उम्मीदवारों पर भी विचार किया जा सकता है।

इसके अलावा उम्मीदवार के पास किसी प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय या संस्थान में प्रोफेसर के तौर पर कम से कम 10 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

प्रशासनिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता भी जरूरी

डायरेक्टर पद के लिए केवल अकादमिक अनुभव पर्याप्त नहीं है। उम्मीदवार के पास कम से कम 5 वर्ष का प्रशासनिक अनुभव और संस्थान का नेतृत्व करने की क्षमता भी होनी चाहिए।

उम्र की बात करें तो आवेदन की अंतिम तारीख तक उम्मीदवार की आयु 60 वर्ष से कम होना वांछनीय बताया गया है।

चयनित उम्मीदवार को डायरेक्टर पद के लिए 2,25,000 रुपये प्रति माह तक का संशोधित वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी।

आवेदन के साथ देना होगा विजन स्टेटमेंट

उम्मीदवारों को निर्धारित फॉर्मेट में अपना रिज्यूम जमा करना होगा। इसमें उनकी रिसर्च, टीचिंग, इंडस्ट्री, अकादमिक सहयोग और प्रशासनिक उपलब्धियों की जानकारी स्पष्ट रूप से देनी होगी।

इसके अलावा उम्मीदवार को अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में दो पेज का जस्टिफिकेशन और IIT मंडी के विकास को लेकर दो पेज का विजन स्टेटमेंट भी देना होगा।

आवेदन के साथ कम से कम दो ऐसे प्रतिष्ठित लोगों के संपर्क विवरण भी देने होंगे, जो उम्मीदवार के कार्य और पेशेवर उपलब्धियों से अच्छी तरह परिचित हों।

31 अक्टूबर 2026 तक भेजना होगा आवेदन

निर्धारित फॉर्मेट में तैयार आवेदन और जरूरी दस्तावेज रजिस्टर्ड पोस्ट या स्पीड पोस्ट के जरिए शिक्षा मंत्रालय को भेजने होंगे। आवेदन पत्र मंत्रालय तक 31 अक्टूबर 2026 तक पहुंच जाना चाहिए।

सरकारी विभागों, स्वायत्त संस्थानों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में काम करने वाले उम्मीदवारों को अपना आवेदन प्रॉपर चैनल के माध्यम से भेजना होगा। इसके साथ आवेदन की एक एडवांस कॉपी भी संबंधित पते पर भेजनी होगी।

आवेदन वाले लिफाफे के ऊपर स्पष्ट रूप से “Application for the Post of Director, IIT Mandi” लिखना होगा। आवेदन की एक कॉपी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से भी MS Word फॉर्मेट में निर्धारित ईमेल आईडी पर भेजनी होगी।

दिसंबर में पूरा होगा मौजूदा डायरेक्टर का कार्यकाल

IIT मंडी में वर्तमान में लक्ष्मी बेहरा डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उनका कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होने वाला है। इसी को देखते हुए शिक्षा मंत्रालय ने नए डायरेक्टर की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञापन में दी गई सभी शर्तों और दस्तावेजों की जानकारी ध्यान से जांच लेनी चाहिए।