☰
×

IIT Kharagpur Admission: अब IIT में भी कर सकेंगे MD की पढ़ाई, 6 मेडिकल स्पेशलाइजेशन में मिलेंगी 12 सीटें

 

मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर है। देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल IIT खड़गपुर ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई शुरुआत की है। संस्थान ने नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से मान्यता प्राप्त पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल डिग्री यानी MD प्रोग्राम शुरू करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही IIT खड़गपुर देश का पहला ऐसा आईआईटी बन गया है, जहां मान्यता प्राप्त पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल डिग्री की पढ़ाई कराई जाएगी।

संस्थान के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 से छह मेडिकल स्पेशलाइजेशन में कुल 12 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। खास बात यह है कि इन कोर्स में एडमिशन NEET PG 2026 की ऑनलाइन काउंसलिंग के दूसरे राउंड के जरिए होगा।

डॉक्टर बीसी रॉय मेडिकल सेंटर में होगी पढ़ाई

IIT खड़गपुर के निदेशक प्रोफेसर सुमन चक्रवर्ती के मुताबिक, इन मेडिकल प्रोग्राम का संचालन संस्थान के डॉक्टर बीसी रॉय मल्टीस्पेशलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर में किया जाएगा।

छात्रों को बेहतर क्लीनिकल ट्रेनिंग देने के लिए खड़गपुर स्थित साउथ ईस्टर्न रेलवे अस्पताल के साथ भी साझेदारी की गई है। इससे मेडिकल छात्रों को पढ़ाई के साथ अस्पताल में व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

इन 6 विषयों में मिलेंगी MD की सीटें

IIT खड़गपुर ने छह अलग-अलग मेडिकल विषयों में दो-दो सीटें निर्धारित की हैं। इस तरह कुल 12 सीटों पर दाखिले होंगे।

सीटों का विवरण इस प्रकार है:

  • जनरल मेडिसिन: 2 सीटें
  • रेडियोलॉजी: 2 सीटें
  • फिजियोलॉजी: 2 सीटें
  • पैथोलॉजी: 2 सीटें
  • कम्युनिटी मेडिसिन: 2 सीटें
  • बायोकेमिस्ट्री: 2 सीटें

इन सभी प्रोग्राम की फीस और छात्रों को मिलने वाला स्टाइपेंड AIIMS के मानकों के अनुरूप रखा जाएगा।

NEET PG 2026 से मिलेगा एडमिशन

इन मेडिकल सीटों पर प्रवेश मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से होगा। योग्य उम्मीदवारों को NEET PG 2026 काउंसलिंग के दूसरे राउंड में चॉइस फिलिंग के दौरान डॉक्टर बीसी रॉय मल्टीस्पेशलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर, IIT खड़गपुर के विकल्प का चयन करना होगा।

इसलिए मेडिकल अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान उपलब्ध विकल्पों और आधिकारिक निर्देशों पर ध्यान देना होगा।

AI और मेडिकल साइंस का होगा अनोखा मेल

IIT खड़गपुर का उद्देश्य केवल विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करना नहीं है, बल्कि ऐसे फिजिशियन-साइंटिस्ट विकसित करना है, जो चिकित्सा ज्ञान के साथ रिसर्च और नई तकनीक के विकास में भी योगदान दे सकें।

इस प्रोग्राम में छात्रों को AI आधारित क्लीनिकल डिसीजन मेकिंग, एडवांस्ड मेडिकल इमेजिंग, कंप्यूटेशनल पैथोलॉजी, बायोमेडिकल डिवाइसेज, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स और प्रिसिजन मेडिसिन जैसे आधुनिक क्षेत्रों में काम करने का अवसर मिलेगा।

संस्थान की यह पहल मेडिकल साइंस, इंजीनियरिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को एक साथ जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे भविष्य में चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा मिलने और आधुनिक तकनीक की मदद से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने में मदद मिल सकती है।