IIT Director Recruitment 2026: IIT दिल्ली और इंदौर में डायरेक्टर बनने का मौका, 2.25 लाख तक सैलरी
देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने का मौका सामने आया है। शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने IIT दिल्ली और IIT इंदौर में डायरेक्टर पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। दोनों संस्थानों के लिए अलग-अलग विज्ञापन जारी किए गए हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 तय की गई है।
आईआईटी में डायरेक्टर संस्थान के शैक्षणिक और प्रशासनिक प्रमुख होते हैं। ऐसे में इस पद पर नियुक्त होने वाले व्यक्ति को शिक्षण, शोध और अकादमिक गतिविधियों के साथ संस्थान के प्रशासन और नेतृत्व की जिम्मेदारी भी संभालनी होगी।
IIT डायरेक्टर पद के लिए क्या है योग्यता?
इस पद के लिए उम्मीदवार के पास पीएचडी डिग्री होना जरूरी है। साथ ही पिछली डिग्री में फर्स्ट क्लास या इसके समकक्ष ग्रेड होना चाहिए। इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी बैकग्राउंड वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
हालांकि, साइंस, मैथमेटिक्स या मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों को भी उनकी उपयुक्तता के आधार पर मौका मिल सकता है।
आवेदक के पास किसी प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी संस्थान या यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के रूप में कम से कम 10 साल का अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा पीएचडी छात्रों के मार्गदर्शन का अनुभव भी आवश्यक है।
प्रशासनिक अनुभव भी जरूरी
IIT डायरेक्टर के पद के लिए केवल मजबूत अकादमिक रिकॉर्ड ही पर्याप्त नहीं है। उम्मीदवार में किसी बड़े संस्थान का नेतृत्व करने की क्षमता भी होनी चाहिए। इसके लिए कम से कम 5 साल का प्रशासनिक अनुभव मांगा गया है।
इसके अलावा आवेदन की अंतिम तारीख तक उम्मीदवार की उम्र 60 साल से कम होनी चाहिए।
हर महीने मिलेगी 2.25 लाख रुपये सैलरी
IIT डायरेक्टर के पद पर नियुक्त होने वाले उम्मीदवार को 2,25,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके अलावा केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी दी जाएंगी।
इस पद के लिए ऐसे उम्मीदवारों की तलाश है, जिनके पास अकादमिक उपलब्धियों के साथ-साथ प्रशासन और संस्थागत नेतृत्व का मजबूत अनुभव हो।
आवेदन में बताना होगा डायरेक्टर बनने का विजन
उम्मीदवारों को आवेदन के साथ अपनी शैक्षणिक और पेशेवर उपलब्धियों की जानकारी देनी होगी। इसमें रिसर्च, टीचिंग, इंडस्ट्री एक्सपीरियंस, अकादमिक सहयोग और प्रशासनिक जिम्मेदारियों से जुड़ा अनुभव शामिल करना होगा।
इसके अलावा आवेदक को कम से कम दो पेज का जस्टिफिकेशन भी देना होगा, जिसमें यह स्पष्ट करना होगा कि वह डायरेक्टर पद के लिए खुद को उपयुक्त क्यों मानते हैं।
उम्मीदवार को संस्थान के भविष्य को लेकर कम से कम दो पेज का विजन स्टेटमेंट भी देना होगा। इसके साथ कम से कम दो प्रतिष्ठित व्यक्तियों की संपर्क जानकारी भी देनी होगी, जो आवेदक की योग्यता और अनुभव से परिचित हों।
IIT दिल्ली और IIT इंदौर के मौजूदा डायरेक्टर कौन?
फिलहाल IIT दिल्ली के निदेशक रंगन बनर्जी हैं, जबकि सुहास एस. जोशी IIT इंदौर के निदेशक के तौर पर कार्यरत हैं।
योग्यता पूरी करने वाले उम्मीदवार 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित ईमेल पते पर भेजना होगा। यह भर्ती प्रक्रिया IIT मंडी में नए डायरेक्टर की तलाश के साथ भी चल रही है।