×

IIM Bangalore Student Competition 2026: छात्रों के लिए बड़ा मौका, 5 लाख रुपये का प्राइज पूल; ऐसे करें आवेदन
 

 

देशभर के कॉलेज और यूनिवर्सिटी छात्रों के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) बैंगलोर के सेंटर फॉर डिजिटल पब्लिक गुड्स (CDPG) ने Perfios-अनुमति अकाउंट एग्रीगेटर के सहयोग से National Student Case Competition 2026 की शुरुआत की है। इस प्रतियोगिता में छात्रों को देश के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों पर समाधान पेश करना होगा।

छात्रों को क्या करना होगा?
इस केस कॉम्पिटिशन का मकसद छात्रों में समस्या को समझने, रिसर्च करने और नए समाधान विकसित करने की क्षमता को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी वास्तविक समस्याएं सामने रखी जाएंगी, जिनका छात्रों को व्यावहारिक और इनोवेटिव समाधान तैयार करना होगा।

आयोजकों ने अलग-अलग शैक्षणिक क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को एक साथ टीम बनाने के लिए प्रोत्साहित किया है। इससे किसी समस्या को इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, लॉ, इकोनॉमिक्स और पब्लिक पॉलिसी जैसे अलग-अलग नजरिए से समझने का मौका मिलेगा।
5 लाख रुपये का प्राइज पूल
इस प्रतियोगिता में कुल 5 लाख रुपये का प्राइज पूल रखा गया है। विजेता टीमों को नकद पुरस्कार के साथ मेरिट सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे। वहीं प्रतियोगिता में शामिल होने वाली अन्य टीमों को पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

इतना ही नहीं, शॉर्टलिस्ट की गई टीमों को अपने आइडिया को IIM बैंगलोर कैंपस में नीति निर्माताओं, विशेषज्ञों और शिक्षाविदों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा। छात्रों के लिए यह अनुभव अकादमिक के साथ-साथ करियर के लिहाज से भी काफी उपयोगी हो सकता है।
कौन-कौन छात्र ले सकते हैं हिस्सा?

देश के किसी भी मान्यता प्राप्त कॉलेज या यूनिवर्सिटी में ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे छात्र इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। फुल-टाइम और पार्ट-टाइम दोनों तरह के विद्यार्थी आवेदन के पात्र हैं।
प्रतियोगिता में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, पब्लिक पॉलिसी, लॉ, इकोनॉमिक्स और सोशल साइंस समेत विभिन्न क्षेत्रों के छात्रों को टीम बनाकर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
7 सितंबर है आवेदन की आखिरी तारीख
National Student Case Competition 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 14 अगस्त 2026 से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक छात्र 7 सितंबर 2026 शाम 6 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
इसके बाद शॉर्टलिस्ट की गई टीमों की घोषणा 15 सितंबर 2026 तक की जाएगी। प्रतियोगिता का नेशनल फाइनल 30 सितंबर 2026 को IIM बैंगलोर के कैंपस में आयोजित किया जाएगा।

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक छात्रों को IIM बैंगलोर की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। छात्रों को अपनी टीम तैयार करने के बाद समय रहते रजिस्ट्रेशन पूरा कर लेना चाहिए, क्योंकि आवेदन की अंतिम तारीख 7 सितंबर शाम 6 बजे है।
जो छात्र डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, इनोवेशन और पब्लिक पॉलिसी में रुचि रखते हैं, उनके लिए यह प्रतियोगिता अपने आइडिया को विशेषज्ञों के सामने रखने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अच्छा अवसर हो सकती है।