☰
×

Haryana Cabinet: जूनियर लेक्चरर असिस्टेंट भर्ती के नियम बदले, 12वीं साइंस और 5 साल का अनुभव जरूरी

 

हरियाणा सरकार ने सरकारी कॉलेजों में जूनियर लेक्चरर असिस्टेंट के पदों पर भर्ती और प्रमोशन के नियमों में बदलाव किया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में चंडीगढ़ में हुई कैबिनेट बैठक में हरियाणा एजुकेशन कॉलेज कैडर (ग्रुप सी) सेवा नियम, 1986 में संशोधन को मंजूरी दी गई.

12वीं साइंस स्ट्रीम होना जरूरी

नए नियमों के तहत जूनियर लेक्चरर असिस्टेंट के पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं साइंस स्ट्रीम से पास होना जरूरी होगा. 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स या बायोलॉजी विषय होने अनिवार्य किए गए हैं.

सीधी भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त कॉलेज में लेबोरेटरी अटेंडेंट के तौर पर कम से कम 5 साल का अनुभव होना जरूरी होगा. प्रमोशन के मामले में भी निर्धारित अनुभव और शैक्षणिक योग्यता पूरी करनी होगी. इन शर्तों को पूरा नहीं करने वाले कर्मचारियों को प्रमोशन की सूची में शामिल नहीं किया जाएगा.

18 से 42 साल होगी आयु सीमा

जूनियर लेक्चरर असिस्टेंट के पद पर सीधी भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम उम्र 42 साल निर्धारित की गई है. भर्ती में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की शर्तें पूरी करनी होंगी.

कैबिनेट ने लिए कई और अहम फैसले

हरियाणा कैबिनेट की बैठक में जूनियर लेक्चरर असिस्टेंट के नियमों के अलावा कई अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई. सरकार ने लैंड पूलिंग पॉलिसी 2026 को मंजूरी दी है, जिसमें विकास परियोजनाओं के लिए भू-मालिकों को कुल बिक्री योग्य क्षेत्र का 50 फीसदी हिस्सा देने का प्रावधान है.

इसके अलावा युवाओं को अवैध विदेशी भर्ती, मानव तस्करी और डंकी रूट जैसी ठगी से बचाने के लिए ट्रैवल एजेंटों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य करने का फैसला लिया गया है. वहीं संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का निर्णय भी लिया गया है.