☰
×

CBSE Three Language Formula: कक्षा 6 के छात्रों को राहत, तीसरी भाषा की अनिवार्यता अभी नहीं
 

 

CBSE के थ्री लैंग्वेज फॉर्मूले को लेकर कक्षा 6 के छात्रों और अभिभावकों के लिए राहत की खबर है। सुप्रीम कोर्ट ने कक्षा 6 में तीसरी भाषा की अनिवार्यता को फिलहाल लागू नहीं करने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि कक्षा 6 के छात्रों को भी वही छूट मिलेगी, जो वर्तमान में कक्षा 7 के छात्रों को दी गई है।
इस आदेश के बाद कक्षा 6 के विद्यार्थियों के मूल्यांकन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट हो गई है। R3 यानी तीसरी भाषा का आकलन स्कूल स्तर पर किया जाएगा और इसके लिए मौजूदा व्यवस्था में CBSE बोर्ड परीक्षा नहीं होगी।
1 अप्रैल 2027 से लागू होगा नया नियम
सुप्रीम कोर्ट ने CBSE की नई भाषा व्यवस्था को मौजूदा शैक्षणिक सत्र में लागू करने के बजाय 1 अप्रैल 2027 से लागू करने को कहा है। यानी नया थ्री लैंग्वेज फॉर्मूला शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रभावी होगा।
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया था कि करीब 99 प्रतिशत स्कूलों में तीसरी भाषा पढ़ाने की व्यवस्था हो चुकी है। इसके बावजूद कोर्ट ने छात्रों को तैयारी के लिए समय देने के उद्देश्य से इसे वर्तमान सत्र में लागू करने से रोक दिया।


दो भारतीय भाषाओं के साथ विदेशी भाषा का विकल्प
नई व्यवस्था के तहत अगले शैक्षणिक सत्र से कक्षा 6 में जाने वाले छात्रों को दो भारतीय भाषाओं और एक विदेशी भाषा का अध्ययन करना होगा। इसमें अंग्रेजी को विदेशी भाषा की श्रेणी में रखा गया है।
वहीं, कक्षा 7 और 8 के छात्रों के लिए पहले से दी गई छूट की व्यवस्था कक्षा 6 पर भी लागू होगी। अगर कोई छात्र पहले से दो गैर-भारतीय भाषाएं, जैसे अंग्रेजी और फ्रेंच, पढ़ रहा है तो वह उन्हें जारी रखते हुए एक भारतीय भाषा को तीसरी भाषा यानी R3 के तौर पर चुन सकता है।
R3 की बोर्ड परीक्षा नहीं होगी
CBSE की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मौजूदा व्यवस्था के तहत कक्षा 7 से 10 तक R3 के लिए कोई CBSE बोर्ड परीक्षा नहीं होगी। इसका मूल्यांकन स्कूल स्तर पर किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कक्षा 6 के छात्रों को भी इसी तरह का लाभ मिलेगा।
R3 में असफल होने पर दोबारा मिलेगा मौका
CBSE के हलफनामे के मुताबिक, कक्षा 9 में R3 के आंतरिक मूल्यांकन में सफल नहीं होने वाले छात्रों को कक्षा 10 में प्रमोट किया जा सकेगा। ऐसे विद्यार्थियों को कक्षा 10 के दौरान R3 में दोबारा पास होने का अवसर मिलेगा।
हालांकि, कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में सफल होने के लिए स्कूल की ओर से जारी R3 पास सर्टिफिकेट जरूरी होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों को तीसरी भाषा के मूल्यांकन के लिए अतिरिक्त अवसर देना है।