CBSE Class 9: नए सत्र से बदल जाएगा पढ़ाई का पैटर्न, 9 विषय होंगे अनिवार्य; वोकेशनल एजुकेशन भी जरूरी
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9 के विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़े नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नई योजना के तहत अब छात्रों के लिए वोकेशनल एजुकेशन यानी व्यावसायिक शिक्षा अनिवार्य होगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को कुल 9 जरूरी विषय पढ़ने होंगे और अपनी पसंद से एक अतिरिक्त वैकल्पिक विषय चुनने का अवसर भी मिलेगा।
बोर्ड ने 2027-28 में कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए भी नए परीक्षा ढांचे की रूपरेखा साझा की है। इन बदलावों का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान और रोजगार से जुड़े कौशल प्रदान करना है।
कक्षा 9 में पढ़ने होंगे 9 अनिवार्य विषय
नई स्कीम के अनुसार विद्यार्थियों को कुल 9 अनिवार्य विषयों की पढ़ाई करनी होगी। इनकी सूची इस प्रकार है:
-
भाषा-1 (R1)
-
भाषा-2 (R2)
-
गणित
-
विज्ञान
-
सामाजिक विज्ञान
-
भाषा-3 (R3)
-
कला शिक्षा
-
शारीरिक शिक्षा
-
व्यावसायिक शिक्षा (स्किल एजुकेशन)
इनके अलावा विद्यार्थी सीबीएसई की ओर से निर्धारित 57 विषयों की सूची में से एक अतिरिक्त वैकल्पिक विषय चुन सकेंगे। इसमें कंप्यूटर एप्लीकेशन, होम साइंस, पेंटिंग, म्यूजिक और बिजनेस से जुड़े विषय शामिल हैं। अतिरिक्त भाषा चुनने वाले विद्यार्थियों को ध्यान रखना होगा कि वह उनकी तीन अनिवार्य भाषाओं से अलग हो।
वोकेशनल एजुकेशन को बनाया गया जरूरी
नई व्यवस्था में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव व्यावसायिक शिक्षा को अनिवार्य करना है। इसके तहत विद्यार्थी कौशल विकास कार्यक्रम या सीबीएसई की ओर से निर्धारित 22 स्किल आधारित विषयों में से विकल्प चुन सकेंगे।
कौशल विकास कार्यक्रम चुनने वाले विद्यार्थियों का मूल्यांकन स्कूल की ओर से आंतरिक रूप से किया जाएगा। इसमें कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
वहीं, 22 निर्धारित स्किल विषयों में से किसी एक का चयन करने वाले विद्यार्थियों को संबंधित विषय की कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा भी देनी होगी। सफल विद्यार्थियों को एनएसक्यूएफ प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
सीबीएसई के 22 स्किल आधारित विषयों की सूची
-
इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी
-
सिक्योरिटी
-
ऑटोमोटिव
-
इंट्रोडक्शन टू फाइनेंशियल मार्केट्स
-
इंट्रोडक्शन टू टूरिज्म
-
ब्यूटी एंड वेलनेस
-
एग्रीकल्चर
-
फूड प्रोडक्शन
-
फ्रंट ऑफिस ऑपरेशंस
-
बैंकिंग एंड इंश्योरेंस
-
मार्केटिंग एंड सेल्स
-
हेल्थकेयर
-
अपैरल
-
मल्टीमीडिया
-
मल्टी स्किल फाउंडेशन कोर्स
-
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
-
फिजिकल एक्टिविटी ट्रेनर
-
डेटा साइंस
-
इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर
-
फाउंडेशन स्किल्स फॉर साइंस, फार्मास्यूटिकल एंड बायोटेक्नोलॉजी
-
डिजाइन थिंकिंग एंड इनोवेशन
-
रिटेल
कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में भी होंगे बदलाव
सीबीएसई ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा के नए ढांचे की रूपरेखा भी जारी की है। इसके तहत विद्यार्थियों को पांच मुख्य विषयों में बोर्ड परीक्षा देनी होगी। इन विषयों में पास होने के लिए कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना जरूरी होगा।
किन विद्यार्थियों पर लागू होंगे नए नियम?
ये बदलाव शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9 में पढ़ने वाले विद्यार्थियों पर लागू होंगे। जो छात्र फिलहाल कक्षा 10 में हैं, उनकी परीक्षाएं पुराने नियमों और मौजूदा पैटर्न के अनुसार ही होंगी।
इस नई व्यवस्था से विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के दौरान ही तकनीक, रोजगार और व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े कौशल सीखने का अवसर मिलेगा।