×

CAQM Advisory: दिल्ली-NCR के स्कूलों में नवंबर-दिसंबर की खेल प्रतियोगिताएं टल सकती हैं, जानें वजह
 

 

दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले वायु प्रदूषण को देखते हुए स्कूलों में होने वाली फिजिकल स्पोर्ट्स एक्टिविटी को लेकर नई एडवाइजरी जारी की गई है. कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के संबंधित विभागों से नवंबर और दिसंबर 2026 में स्कूलों की फिजिकल स्पोर्ट्स एक्टिविटी और प्रतियोगिताओं की योजना नहीं बनाने को कहा है.


CAQM के मुताबिक, इस अवधि में पहले से निर्धारित खेल प्रतियोगिताओं के कार्यक्रम में जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकता है. किसी प्रतियोगिता का आयोजन करना जरूरी हो तो उस समय संबंधित स्थान की एयर क्वालिटी को भी ध्यान में रखना होगा.
खराब हवा के बीच बच्चों की सेहत पर फोकस
दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों के महीनों में वायु प्रदूषण की स्थिति अक्सर गंभीर हो जाती है. ऐसे में खुले मैदान में होने वाली फिजिकल एक्टिविटी के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ जाती है.
स्कूलों की खेल गतिविधियों का यह मुद्दा पहले सुप्रीम कोर्ट के सामने भी आया था. 19 नवंबर 2025 को कोर्ट ने CAQM से दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों में नवंबर और दिसंबर के दौरान होने वाली खेल गतिविधियों को लेकर उचित दिशा-निर्देश तैयार करने को कहा था. इसके बाद CAQM ने शिक्षा और खेल से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर इस विषय पर आगे की कार्रवाई की.


क्या नवंबर-दिसंबर में स्कूलों के खेल पूरी तरह बंद रहेंगे?
CAQM की एडवाइजरी का मतलब स्कूलों में सभी तरह की खेल गतिविधियों को पूरी तरह बंद करना नहीं है. मुख्य जोर फिजिकल स्पोर्ट्स एक्टिविटी और प्रतियोगिताओं के आयोजन के समय और तारीख की समीक्षा पर है.
नवंबर और दिसंबर 2026 के दौरान आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं को जरूरत पड़ने पर किसी दूसरी तारीख पर कराया जा सकता है. इसके अलावा आयोजन स्थल पर उस समय मौजूद वायु गुणवत्ता को ध्यान में रखकर भी निर्णय लिया जा सकता है.
प्रतियोगिता की तारीख बदलने से छात्रों को नुकसान न हो
CAQM ने यह भी कहा है कि खेल प्रतियोगिताओं के कार्यक्रम में बदलाव का असर छात्रों के हितों पर नहीं पड़ना चाहिए. यदि कोई छात्र निर्धारित तारीख पर प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाता है, तो उसे अकादमिक या खेल से जुड़े स्तर पर अनुचित नुकसान नहीं होना चाहिए.
जरूरत पड़ने पर ऐसे छात्रों को बाद में समान गतिविधि या प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर देने पर भी विचार किया जा सकता है.
शिक्षा और खेल विभागों को भेजी गई जानकारी
CAQM की एडवाइजरी संबंधित शिक्षा विभागों, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI), स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और संबंधित प्रदूषण नियंत्रण संस्थाओं को भेजी गई है.
अब स्कूलों और संबंधित संस्थानों को नवंबर-दिसंबर 2026 में प्रस्तावित फिजिकल स्पोर्ट्स एक्टिविटी की समीक्षा करनी होगी. एयर क्वालिटी की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर प्रतियोगिताओं की तारीख, समय या आयोजन स्थल में बदलाव किया जा सकता है.