9th to 12th Scholarship: आवेदन की लास्ट डेट 30 सितंबर हुई, मिलेगी ₹12,000 की सहायता राशि
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों के लिए अच्छी खबर है. नेशनल मींस-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम (NMMSS) के तहत आवेदन करने की आखिरी तारीख बढ़ा दी गई है. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की डेडलाइन बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी है.
योग्य छात्र नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के जरिए इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं. इस योजना का उद्देश्य आर्थिक परेशानी के कारण 8वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ने वाले मेधावी छात्रों को आगे की शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता देना है.
जरूरी तारीखें यहां नोट कर लें
NMMSS 2026-27 के लिए छात्रों और स्कूलों को इन तारीखों का ध्यान रखना जरूरी है:
- ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख: 30 सितंबर 2026
- स्कूल/संस्थान स्तर पर वेरिफिकेशन: 15 अक्टूबर 2026
- जिला स्तर (L2-DNO) वेरिफिकेशन: 31 अक्टूबर 2026
किन छात्रों को मिलेगा स्कॉलरशिप का लाभ?
NMMSS का मुख्य उद्देश्य कक्षा 8 के बाद छात्रों का स्कूल छोड़ना कम करना है. योजना के तहत चयनित छात्रों को कक्षा 9 से 12वीं तक पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है.
इस स्कॉलरशिप के लिए वही छात्र पात्र हैं जो सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त या स्थानीय निकायों द्वारा संचालित स्कूलों में पढ़ रहे हैं.
इसके अलावा छात्र के माता-पिता या अभिभावक की सालाना आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए.
कितनी मिलेगी आर्थिक मदद?
NMMSS के तहत हर साल कक्षा 9 के 1 लाख मेधावी छात्रों को स्कॉलरशिप दी जाती है. चयनित छात्रों को 12,000 रुपये सालाना, यानी करीब 1,000 रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता मिलती है.
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो छात्र को कक्षा 7 की परीक्षा में कम से कम 55 प्रतिशत अंक हासिल होने चाहिए. अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के छात्रों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी जाती है.
NMMSS Scholarship के लिए कैसे करें आवेदन?
योग्य छात्र नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की प्रक्रिया इस प्रकार है:
- सबसे पहले scholarships.gov.in पर जाएं.
- पोर्टल पर One-Time Registration (OTR) की प्रक्रिया पूरी करें.
- OTR पूरा होने के बाद अपने अकाउंट में लॉगिन करें.
- NMMSS स्कॉलरशिप योजना का चयन करें.
- मांगी गई जानकारी और जरूरी दस्तावेज भरकर आवेदन फॉर्म सबमिट करें.
- आवेदन जमा करने के बाद स्कूल और संबंधित अधिकारियों से वेरिफिकेशन की प्रक्रिया समय पर पूरी करवाएं.
डेडलाइन से पहले जरूर करें आवेदन
शिक्षा मंत्रालय ने योग्य छात्रों को सलाह दी है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना अपना आवेदन पूरा कर लें. आवेदन के बाद स्कूल स्तर और जिला स्तर पर होने वाले वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी तय समय सीमा के भीतर पूरी होना जरूरी है.