वीडियो में देंखे Rashmika Mandanna–Vijay Deverakonda शादी के बाद उदयपुर से हैदराबाद रवाना, एयरपोर्ट पर फैंस को कहा शुक्रिया
साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित सितारे Rashmika Mandanna और Vijay Deverakonda शादी के बाद शुक्रवार दोपहर उदयपुर से हैदराबाद के लिए रवाना हो गए। दोनों को एयरपोर्ट पर एक साथ स्पॉट किया गया, जहां नवविवाहित जोड़ा बेहद खुश नजर आया।
रश्मिका लाल रंग के पारंपरिक सूट में दिखाई दीं और उन्होंने पति विजय का हाथ थाम रखा था। वहीं विजय लाइट पिस्ता रंग का कुर्ता-पायजामा पहने हुए थे। दोनों ने एयरपोर्ट पर मौजूद फैंस और मीडिया का अभिवादन किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए फ्लाइंग किस दिया और सिर झुकाकर प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान फैंस ने उन्हें शादी की शुभकामनाएं दीं।
दोनों सितारों ने 26 फरवरी को उदयपुर स्थित Hotel Mementos Ekaaya में तेलुगु और कोडवा रीति-रिवाजों से पारंपरिक अंदाज में शादी रचाई। शादी समारोह को निजी रखा गया था, जिसमें परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल हुए। विवाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद फैंस में खासा उत्साह देखने को मिला।
सूत्रों के मुताबिक, शादी के बाद 3 और 4 मार्च को हैदराबाद में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में साउथ और बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों के शामिल होने की संभावना है। साथ ही राजनीतिक क्षेत्र की कुछ प्रमुख हस्तियां भी इस कार्यक्रम में शिरकत कर सकती हैं।
रश्मिका और विजय लंबे समय से अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। हालांकि दोनों ने सार्वजनिक रूप से अपने निजी जीवन को लेकर हमेशा संयम बरता। अब शादी के बाद उनके प्रशंसक इस नए अध्याय की शुरुआत को लेकर बेहद खुश हैं।
फिल्मी करियर की बात करें तो दोनों कलाकार अपने-अपने प्रोजेक्ट्स में व्यस्त रहे हैं और इंडस्ट्री में मजबूत पहचान बना चुके हैं। शादी के बाद भी वे अपने पेशेवर दायित्वों को जारी रखेंगे। फिलहाल, हैदराबाद में होने वाले रिसेप्शन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और फैंस को इस खास मौके की झलकियों का इंतजार है।