उदयपुर में अय्याशी का अड्डा बना हुआ था ये होटल, चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़; 31 युवक और 8 युवतियां गिरफ्तार
राजस्थान के सबसे मशहूर शहरों में से एक उदयपुर में पुलिस ने बड़ी रेड मारी। जिले के सायरा थाना इलाके में मौजूद एक होटल में रेड मारकर एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया गया। इस रेड में 31 युवक और आठ लड़कियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से ज़्यादातर मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और वे राजस्थान में गलत काम करने आए थे। पुलिस ने उनके परिवारों को भी इसकी जानकारी दे दी है। उदयपुर में इतने बड़े सेक्स रैकेट का यह पहला मामला माना जा रहा है। होटल सायरा थाना इलाके के एक गांव में है।
मौके पर पहुंचे गिरवां DSP गोपाल चंदेल ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी और स्थानीय लोगों ने भी जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही गोगुंदा पुलिस की मदद से एक टीम बनाई गई और बिना देर किए होटल को घेर लिया गया। जब पुलिस कमरे में घुसी तो उन्हें 31 युवक और आठ लड़कियां आपत्तिजनक और संदिग्ध हालत में मिले।
पुलिस की शुरुआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गिरफ्तार किए गए सभी 39 युवक-युवतियां मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामान, मोबाइल फोन और दो चार पहिया वाहन भी जब्त किए हैं। पुलिस ने इस गैर-कानूनी धंधे को संरक्षण देने के आरोप में दो होटल संचालकों को भी गिरफ्तार किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। DSP गोपाल चंदेल ने कहा कि गुरुवार को पूरे नेक्सस का विस्तार से खुलासा किया जाएगा कि ये लड़कियां कहां से लाई गई थीं और होटल में यह खेल कब से चल रहा था, इसकी भी जांच कर रहे हैं।