उदयपुर RNT मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा पर सवाल: वीडियो में जाने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ही महिला प्रोफेसर की स्कूटी चुराकर ले गया
राजस्थान के उदयपुर स्थित आरएनटी मेडिकल कॉलेज से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। कॉलेज परिसर की सुरक्षा में तैनात एक होमगार्ड पर महिला प्रोफेसर की स्कूटी चोरी करने का आरोप लगा है। घटना का खुलासा कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हुआ, जिसके बाद आरोपी को ड्यूटी से हटा दिया गया है।
कॉलेज प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस और होमगार्ड विभाग को भेज दी है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
मेडिकल कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। फुटेज में आरोपी होमगार्ड दिलीप खराड़ी पहले अपनी आधिकारिक वर्दी में दिखाई देता है और उसके हाथ में एक शर्ट नजर आती है।कुछ देर बाद वह वर्दी के ऊपर शर्ट पहनकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करता है और फिर महिला प्रोफेसर की स्कूटी लेकर वहां से निकल जाता है। फुटेज के आधार पर ही चोरी की पुष्टि हुई।
महिला प्रोफेसर कई दिनों से तलाश रही थीं स्कूटी
जानकारी के अनुसार, महिला प्रोफेसर पिछले चार से पांच दिनों से अपनी स्कूटी की तलाश कर रही थीं। काफी खोजबीन के बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो चोरी की पूरी घटना सामने आई।जांच के दौरान स्कूटी आरोपी होमगार्ड के कब्जे से बरामद कर ली गई।
प्रिंसिपल ने आरोपी को ड्यूटी से हटाया
आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन ने बताया कि जांच में स्पष्ट हुआ है कि महिला प्रोफेसर की स्कूटी होमगार्ड दिलीप खराड़ी ने ही चुराई थी।उन्होंने कहा कि आरोपी को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया है। साथ ही इस संबंध में होमगार्ड कमांडेंट को लिखित सूचना भेजी गई है ताकि विभागीय कार्रवाई भी की जा सके।
पुलिस करेगी कानूनी कार्रवाई
कॉलेज प्रशासन ने पूरे मामले की शिकायत हाथीपोल थाना पुलिस को भेज दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।इस घटना ने मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि जिस कर्मचारी पर सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी पर चोरी का आरोप लगा है। अब पुलिस और संबंधित विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।