उदयपुर में बीच सड़क घूंसे-लातों की बारिश, बाइक टक्कर के बाद बवाल, फुटेज में देंखे नशे में धुत युवक गिरफ्तार
उदयपुर शहर के 100 फीट रोड स्थित अशोका पैलेस के सामने मंगलवार को दो बाइक सवार युवकों के बीच मामूली टक्कर के बाद जमकर मारपीट हो गई। बीच सड़क शुरू हुई इस लड़ाई के कारण कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की हल्की टक्कर के बाद दोनों युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। दोनों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए, जिससे सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया। इस दौरान भीड़ ने एक बाइक सवार युवक की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।घटना की सूचना मिलते ही सुखेर थाना प्रभारी भरत योगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले भीड़ को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया और फिर मामले में कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मारपीट के आरोपी अविनाश पुत्र वर्दीचंद डांगी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी भरत योगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब के नशे में था।पुलिस के अनुसार, अविनाश डांगी ने पहले जीत निमावत के साथ मारपीट की थी। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क गया और भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।