उदयपुर में हाई वोल्टेज ड्रामा, लापता पति की तलाश को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, वीडियो में देंखे 6 घंटे बाद नीचे उतरी
राजस्थान के उदयपुर जिले के गोगुंदा इलाके में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला अपने लापता पति की तलाश की मांग को लेकर निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गई। यह पूरा घटनाक्रम करीब 6 घंटे तक चला, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका।
जानकारी के अनुसार, कुंडाऊ गांव की रहने वाली कमला बाई सुबह करीब साढ़े 7 बजे पानी की टंकी पर चढ़ गईं और जोर-जोर से अपने लापता पति तुलसीराम गमेती की तलाश की मांग करने लगीं। महिला का कहना था कि उसका पति पिछले 43 दिनों से लापता है, लेकिन पुलिस अब तक उसे ढूंढने में नाकाम रही है।
टंकी पर चढ़ी महिला ने साफ चेतावनी दी कि जब तक उसके पति के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दी जाती, वह नीचे नहीं उतरेगी। इस दौरान उसने आत्महत्या की धमकी भी दी, जिससे मौके पर मौजूद ग्रामीणों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में चिंता बढ़ गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को समझाने की कोशिश शुरू की। लगातार बातचीत और समझाइश के बाद आखिरकार करीब दोपहर डेढ़ बजे महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, अब इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि लापता व्यक्ति के मामले की गहराई से जांच की जा सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला कई दिनों से अपने पति की तलाश को लेकर परेशान थी और पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और लापता व्यक्ति की तलाश तेज कर दी गई है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।