पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर गिरिजा व्यास का निधन, वीडियो में जानें कब होगा अंतिम संस्कार
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास का गुरुवार शाम अहमदाबाद स्थित जायडस हॉस्पिटल में निधन हो गया। वे 79 वर्ष की थीं। पिछले एक महीने से वे गंभीर रूप से झुलसी हुई हालत में अस्पताल में भर्ती थीं। बताया जा रहा है कि गणगौर पूजा के दौरान चुन्नी में आग लगने की वजह से वे झुलस गई थीं। लगातार उपचार के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।
डॉ. व्यास के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। वे राजस्थान की राजनीति में एक सशक्त महिला चेहरा थीं, जिन्होंने न केवल राज्य बल्कि देश की राजनीति में भी अपनी गहरी छाप छोड़ी। वे केंद्रीय मंत्रिमंडल में मंत्री रहने के साथ-साथ महिला आयोग की चेयरपर्सन और राजस्थान विधानसभा की सदस्य भी रह चुकी थीं।
उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार को उदयपुर स्थित देत्य मगरी स्थित उनके निवास पर अंतिम दर्शन के लिए आमजन और समर्थकों के लिए रखा जाएगा। दोपहर तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद करीब शाम 4 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।
डॉ. व्यास साहित्य और समाज सेवा में भी सक्रिय थीं। वे एक शिक्षिका के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने के बाद राजनीति में आईं थीं। उन्होंने महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और सामाजिक सुधार के मुद्दों पर लंबे समय तक आवाज उठाई। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी को एक गहरा नुकसान हुआ है।
राजनीतिक हस्तियों ने जताया शोक
मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, कांग्रेस आलाकमान और विभिन्न दलों के नेताओं ने डॉ. व्यास के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें “साहसी, विचारशील और समर्पित नेता” बताया, जिन्होंने हमेशा समाज की बेहतरी के लिए काम किया।
डॉ. गिरिजा व्यास का जाना एक युग का अंत माना जा रहा है, खासकर महिला सशक्तिकरण की आवाज़ को लेकर। वे उन चुनिंदा नेताओं में शामिल थीं, जिन्होंने विचारधारा और सामाजिक सेवा दोनों को अपने जीवन में समान रूप से महत्व दिया।