उदयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे SHO और कॉन्स्टेबल 8 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्ता
राजस्थान के उदयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग के दो कर्मियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मांडवा थाना प्रभारी और एक कॉन्स्टेबल को 8 लाख रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा है।
गिरफ्तार आरोपियों में मांडवा थानाधिकारी निर्मल कुमार खत्री और कॉन्स्टेबल भालाराम शामिल हैं। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने NDPS एक्ट के एक मामले में चार लोगों को आरोपी नहीं बनाने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, यह मामला NDPS एक्ट से जुड़ा हुआ है, जिसमें आरोपियों को बचाने के लिए पुलिसकर्मियों ने मोटी रकम की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने इसकी जांच शुरू की और ट्रैप की योजना बनाई।
इस पूरी कार्रवाई का संचालन ACB के डीआईजी रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में किया गया। उदयपुर ACB थानाधिकारी सोनू शेखावत की टीम ने दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
ACB अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। एसीबी की इस सख्त कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा संदेश माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों पर लगातार सख्ती बरती जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों ने ACB की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।