टोंक में नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई, फुटेज में देंखे 2 किलो से अधिक हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
राजस्थान के टोंक जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पीपलू थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2 किलो 49 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4 करोड़ 9 लाख 80 हजार रुपये आंकी जा रही है।पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मंगलवार रात करीब 9:30 बजे अनवरनगर उर्फ भूरावाली के पास ग्रेवल रोड पर की गई नाकाबंदी के दौरान की गई। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई।
इस मामले में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो इस मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बोलेरो कैंपर वाहन को भी जब्त किया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए खंगाला जा रहा है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबा पर एक बड़ा प्रहार है और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है। बरामद मोबाइल डेटा और पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और पुलिस इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।